एक महीने तक चली जद्दोजहद के बाद भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता. फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को रिकॉर्ड 96 रनों के अंतर से हराया. टूर्नामेंट में चाहे अभिषेक शर्मा का बल्ला नहीं चला, लेकिन फाइनल में अर्धशतक लगाया. वहीं सूर्यकुमार यादव से लेकर ईशान किशन जैसे बल्लेबाजों ने भारत को विश्व विजेता बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. यहां जान लीजिए टी20 वर्ल्ड कप के बाद टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में किन 4 भारतीयों का दबदबा है.
रैंकिंग में इन 4 भारतीयों का दबदबा
इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट की बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और तिलक वर्मा का दबदबा है. अभिषेक शर्मा वर्ल्ड कप में सिर्फ 141 रन बना सके, फिर भी उन्होंने अपना पहला स्थान सुरक्षित रखा है. हालांकि उनके रेटिंग पॉइंट्स पहले से काफी कम हो गए हैं. वहीं वर्ल्ड कप में 317 रन बनाने वाले ईशान किशन रैंकिंग में दूसरे स्थान पर आ गए हैं.
तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव को चाहे रैंकिंग में नुकसान हुआ है, लेकिन वो अब भी टॉप-10 में बने हुए हैं. तिलक वर्मा को एक स्थान का नुकसान हुआ है, जिससे वो सातवें पायदान पर आ गए हैं. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव दो स्थान फिसल कर 9वें नंबर पर आ गए हैं.
संजू सैमसन भी चमके
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पांच पारियों में 321 रन बनाए और वो पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने. वहीं लगातार तीन मैचों में प्रभावशाली अर्धशतकीय पारी खेलने से उन्हें रैंकिंग में जबरदस्त फायदा भी मिला है. सैमसन अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दुनिया के 22वें नंबर के बल्लेबाज बन गए हैं. उनके अलावा शिवम दुबे अब दुनिया के 27वें नंबर के टी20 बल्लेबाज बन गए हैं.
यह भी पढ़ें:
‘कोच साहब आपकी स्माइल’ वाले धोनी के पोस्ट पर बोले गौतम गंभीर, बताया मैच में क्यों नहीं मुस्कुराते
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.