उम्र सिर्फ एक नंबर है इस बात को अहमदाबाद की रेनू सिंधु ने साबित कर दिया है। उनकी उम्र 66 साल हो चुकी है और इस उम्र में वह अपनी पोती को गोद में लेकर वर्कआउट करती हैं। उनकी वीडियो देखकर लोग हैरान हो रहे हैं।
पोती को गोद में लेकर किया वर्कआउट
उन्होंने पोती को गोद में लेकर वर्कआउट करते हुए वीडियो बनवाया और उसे शेयर किया। साथ में लिखा कि वह अपनी पोती को अभी से मजबूत रहने के लिए तैयार कर रही हैं। जिस उम्र में लोग आराम करना पसंद करते हैं, उस उम्र में रेनू वर्कआउट कर शरीर को मजबूत बनाए हुए हैं। वर्कआउट के दौरान उनकी पोती भी खुश दिख रही है, उसे भले ही अभी न पता हो कि ये वर्कआउट है लेकिन वह दादी के साथ एन्जॉय कर रही है।
रोजाना करती हैं ये एक्सरसाइज
रेनू सिंधु खुद को फिट रखने के लिए हर तरह की एक्सरसाइज करती हैं और इसी से उनका शरीर मजबूत रहता है। उनके वर्कआउट में बुल्गेरियन स्प्लिट स्क्वैट्स से लेकर हिप थ्रस्ट्स तक सबकुछ शामिल होता है। बुल्गेरियन स्पिल्ट स्क्वैट्स में इसमें एक पैर जमीन पर आगे रहता है और दूसरा पैर पीछे बेंच/स्टेप पर रखा जाता है। फिर आगे वाले पैर के सहारे शरीर को नीचे-ऊपर किया जाता है। इससे खासतौर पर जांघों, ग्लूट्स और पैरों की मांसपेशियों पर काम होता है। तो वहीं हिप थ्रस्ट्स ग्लूट्स यानी कूल्हों की मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज है। इसके अलावा वह रनिंग, वॉकिंग, स्क्वैट्स, अप-डाउन और वेट लिफ्टिंग जैसी एक्सरसाइज भी करती हैं।
फिटनेस जरूरी है दिखावा नहीं
रेनू का कहना है कि आपको किसी और दिखाने के लिए मसल्स नहीं बनाने चाहिए बल्कि खुद को फिट रखने के लिए बनाने चाहिए। लोग एब्स के चक्कर में पड़े रहते हैं लेकिन आपको खुद की फिटनेस के लिए एक्सरसाइज करती हैं। रेनू ने बताया कि वह आज इसलिए वर्कआउट करती हैं ताकि कल अपनी पोती के साथ कदम मिला सकें। वह उसके साथ दौड़ना, खेलना और उसकी जिंदगी के अलग-अलग पड़ावों का हिस्सा बनना चाहती हैं।
54 की उम्र में शुरू किया अपना जिम
बता दें, रेनू के 3 बच्चे हैं और उन्होंने 54 साल की उम्र में जिम ज्वॉइन की थी। पहले वह जिम की मेंबरशिप लेकर वर्कआउट करती थीं और फिर उन्होंने खुद का जिम खोलने का प्लान बनाया। अहमदाबाद में Samurai Fitness नाम से अपना जिम शुरू किया और तब से वह यही पर एक्सरसाइज कर रही हैं और लोगों को मोटिवेट करती रहती हैं। रेनू सिंधू आज फिटनेस इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी जानी जाती हैं।
पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड मेडल
रेनू सिंधू ने पावरलिफ्टिंग और फिटनेस के क्षेत्र में भी कई उपलब्धियां हासिल कीं। वह 2017 में फीमेल पावरलिफ्टिंग में गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। 2019 में उन्होंने ‘Battle of the Fittest Woman of Gujarat’ का खिताब भी अपने नाम किया और उसी साल Mrs Galaxy Queen Classic में फर्स्ट रनर-अप रहीं। रेनू का मानना है कि फिटनेस किसी एक दिन की मोटिवेशन या कभी-कभार किए जाने वाले वर्कआउट से हासिल नहीं होती। इसके लिए आपको रोजाना अनुशासन के साथ मेहनत करनी पड़ेगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.