इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने महज 25 साल की उम्र में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास ले लिया। उन्होंने इंग्लैंड के लिए दो वनडे और इतने ही टी20 मैच खेले।
चोटों ने संन्यास के लिए किया मजबूर
तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने इंग्लैंड के लिए खेलते हुए वनडे में दो और टी20 में एक विकेट लिया था। उन्होंने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच जून 2025 में खेला था। उसके बाद से वह बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर की चोट के कारण मैदान से दूर है। टर्नर ने हैम्पशायर क्रिकेट द्वारा जारी एक बयान में कहा, ”प्रोफेशनल और इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना हमेशा मेरा सपना था। हैम्पशायर और इंग्लैंड के लिए खेलना मेरे बचपन के उन सपनों को हकीकत में बदलने जैसा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, ”हालांकि, मैंने खेल से संन्यास लेने का फैसला किया है और जैसा कि आप समझ सकते हैं, यह मेरे सबसे कठिन फैसलों में से एक रहा है। एक साल से ज्यादा समय से मुझे मैदान से बाहर करने वाली स्ट्रेस फ्रैक्चर और मेरी चोटों ने मुझे अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद, मैंने फैसला किया कि अपनी अगली चुनौती की शुरुआत करने का यही सही समय है।”
तेज गेंदबाज ने कहा, ”हैम्पशायर के लिए प्रोफेशनल क्रिकेटर बनकर बिताए ये पांच साल मेरे सपनों से भी बेहतर रहे। क्लब से जुड़ने के बाद से ही हर कोई बेहद स्वागत करने वाला और मददगार रहा, और यह भावना कभी नहीं बदली।” टर्नर 2021 में सफल ट्रायल के बाद हैम्पशायर से जुड़े थे। 2023 में विटालिटी ब्लास्ट टूर्नामेंट में उन्होंने कमाल का प्रदर्शन किया और 11 मैचों में 21 विकेट झटके, जिसके बाद उन्हें इंग्लैंड की टीम में जगह मिली।
हैम्पशायर के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट गाइल्स व्हाइट ने कहा, ”जॉन बेहद प्रतिभावान खिलाड़ी है और हैम्पशायर क्रिकेट में हर कोई दुखी है कि प्रोफेशनल खेल में उनका सफर खत्म हो गया है। पिछले पांच सालों में उन्होंने हैम्पशायर की सफलता में बड़ी भूमिका निभाई। चार बार टी20 फाइनाल्स डे तक पहुंचना, काउंटी चैंपियनशिप के डिवीजन वन में शीर्ष के लिए चुनौती पेश करना और दो बार वन-डे कप के फाइनल में पहुंचना।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.