भारत का 2026-27 घरेलू सत्र दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा, जिसका आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में किया जाना है। हालांकि फाइनल चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा।
बीसीसीआई ने बयान में कहा, ”दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल बेंगलुरु के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (सीओई) से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में कर दिया गया है। इसका उद्देश्य दर्शकों को छह से 10 सितंबर तक होने वाले फाइनल को स्टेडियम में देखने का मौका देना है। ”
टूर्नामेंट के बाकी मुकाबले तय कार्यक्रम के अनुसार 23 अगस्त से बेंगलुरु के सीओई में ही खेले जाएंगे। शुरुआती दिन पूर्वी क्षेत्र का सामना पूर्वोत्तर क्षेत्र से जबकि उत्तरी क्षेत्र की भिड़ंत पश्चिम क्षेत्र से होगी। 2026-27 सत्र में दलीप ट्रॉफी में छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस बार टूर्नामेंट अपने पारंपरिक क्षेत्रीय प्रारूप में लौट आया है। इसमें मध्य क्षेत्र, दक्षिण क्षेत्र, पूर्वी क्षेत्र, पश्चिम क्षेत्र, उत्तरी क्षेत्र और पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीमें शामिल हैं।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने कहा कि सीओई में दर्शकों की संख्या को लेकर कुछ सीमाएं हैं इसलिए फाइनल को चेन्नई स्थानांतरित करने का फैसला किया गया। उन्होंने कहा, ”दलीप ट्रॉफी हमारे घरेलू कैलेंडर का महत्वपूर्ण प्रथम श्रेणी टूर्नामेंट है। इसमें हमेशा उच्च स्तर का क्रिकेट देखने को मिलता है और हम चाहते हैं कि प्रशंसकों को फाइनल मुकाबला स्टेडियम में देखने का मौका मिले। ‘’
सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी
उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू क्रिकेट के अधिक मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रशंसकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों को खेलते हुए देखने का मौका मिल सके। सैकिया ने कहा, ”सीओई में दर्शकों की मौजूदगी को लेकर कुछ प्रतिबंध हैं। इसलिए हमें लगा कि फाइनल को ऐसे मैदान पर कराया जाना उचित होगा, जहां प्रशंसक आकर इस मुकाबले का हिस्सा बन सकें। ” उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट का प्रसारण भी बढ़ाया गया है। दलीप ट्रॉफी के सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग होगी जबकि एक क्वार्टर फाइनल, एक सेमीफाइनल और फाइनल का टीवी पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.