अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद उनके बेटे मोजतबा खामेनेई को ईरान का सुप्रीम लीडर चुना गया है. इस पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान सामने आया है. ईरान के नए नेतृत्व पर ट्रंप ने कहा, खामेनेई का बेटा मोजतबा खामेनेई मुझे मंजूर नहीं है.
‘खामेनेई का बेटा नासमझ’ – ट्रंप
ट्रंप ने कहा, अमेरिका ईरान में ऐसी लीडरशिप चाहता है, जो ईरान में सद्भाव और शांति लाए. मोजतबा खामेनेई को सुप्रीम लीडर बनाए जाने पर ट्रंप ने कहा, वह अपना समय बर्बाद कर रहे हैं. खामेनेई का बेटा एक नासमझ है.
खामेनेई के बाद बेटे को सौंपी गई सत्ता
अमेरिका और इजरायल के साथ छिड़े युद्ध में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की 28 फरवरी को मौत हो गई थी. खामेनेई की पत्नी मंसूरेह खोजस्तेह बाघेरजादेह समेत उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए थे. खामेनेई की मौत के बाद सर्वोच्च नेता का पद खाली है. ईरान के कानून के मुताबिक सुप्रीम लीडर की गैरमौजूदगी में अंतरिम व्यवस्था लागू होती है. इस दौरान मसूद पेजेश्कियान, चीफ जस्टिस गुलाम-होसैन मोहसेनी-एजेई और गार्डियन काउंसिल के एक सदस्य मिलकर प्रशासन संभाल रहे थे. वहीं अब खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई सुप्रीम नेता बने हैं.
वेनेजुएला जैसा सत्ता परिवर्तन करने की धमकी
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में भी वेनेजुएला जैसा सत्ता परिवर्तन की बात कही. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, मुझे ईरान में सर्वोच्च नेता की नियुक्ति में शामिल होना होगा, जैसा वेनेजुएला में डेल्सी के मामले में किया था.’ बता दें कि मिलिट्री एक्शन के जरिए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोर्स को गिरफ्तार किया गया था और अमेरिका ले आई थी. अमेरिकी सेना ने महज 30 मिनट के अंदर इस खतरनाक ऑपरेशन को अंजाम दिया था. जिसके बाद उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को देश की राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार संभाला था.
नेतन्याहू को लेकर दिया बड़ा बयान
ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा,’इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को भ्रष्टाचार के आरोपों से क्षमादान मिलना चाहिए. इजरायली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग को उनको माफ कर देना चाहिए.’ ट्रंप ने आगे कहा, ‘मैं नहीं चाहता कि नेतन्याहू के दिमाग में युद्ध के अलावा कुछ और रहे.’ बता देंकि नेतन्याहू बीते पांच साल में तीन अलग अलग मामलों (रिश्वतखोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात) के आरोपों का सामना कर रहे हैं. हालांकि वह इन आरोपों से इनकार करते हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.