वेजाइनल इंफेक्शन के दौरान साफ-सफाई रखना जरूरी है, लेकिन ज्यादा सफाई या गलत प्रोडक्ट परेशानी बढ़ा सकते हैं। डॉक्टर वैदेही मराठे ने बताया कि इस समय किन चीजों से बचें और कैसे सफाई करें।
वेजाइनल इंफेक्शन होने पर खुजली, जलन, बदबू, असामान्य डिस्चार्ज और दर्द जैसी दिक्कत हो सकती है। ऐसे में कई महिलाओं को लगता है कि बार-बार धोने से इंफेक्शन जल्दी ठीक हो जाएगा। लेकिन ऐसा करना कई बार परेशानी को और बढ़ा सकता है। खासकर योनि के अंदर पानी या किसी तरह का घोल डालकर सफाई करने की जरूरत नहीं होती। खुशबू वाले साबुन, इंटिमेट वॉश और स्प्रे भी इस नाजुक हिस्से में जलन कर सकते हैं।
डॉक्टर वैदेही मराठे के अनुसार, इंफेक्शन के समय साफ-सफाई का मतलब बार-बार धोना नहीं, बल्कि सही तरीके से बाहरी हिस्से को साफ और सूखा रखना है। ऐसे में ये गलतियां करने से बचें –
1. डाउचिंग से बचें
कई महिलाएं इंफेक्शन होने पर योनि के अंदर पानी या किसी घोल से सफाई करने लगती हैं, इसे ही डाउचिंग कहा जाता है। पानी, सिरका, बेकिंग सोडा या किसी दूसरे घोल को अंदर डालकर सफाई करने से वहां का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ सकता है।
2. खुशबू वाले इंटिमेट वॉश
योनि के आसपास की स्किन काफी नाजुक होती है। इसलिए वहां खुशबू वाले इंटिमेट वॉश, साबुन और स्प्रे लगाने से बचें। इनमें मौजूद खुशबू त्वचा में जलन बढ़ा सकती है। बाहरी हिस्से को साफ करने के लिए सादा गुनगुना पानी काफी है। अगर साबुन लगाना हो, तो हल्का और बिना खुशबू वाला साबुन सिर्फ बाहरी हिस्से पर लगाएं।
3. शेविंग और वैक्सिंग से बचें
इंफेक्शन के दौरान शेविंग, वैक्सिंग या बाल हटाने वाली क्रीम का इस्तेमाल ना करें। इस समय स्किन पहले से सेंसेटिव हो सकती है। ऐसे में रेजर या क्रीम से कट, लालपन और जलन की परेशानी बढ़ सकती है।
सही तरीके से सफाई कैसे करें?
- टॉयलेट जाने या सफाई करने से पहले और बाद में हाथ अच्छी तरह धोएं। इससे गंदगी और बैक्टीरिया से बचने में मदद मिलती है।
- योनि के अंदर सफाई करने की जरूरत नहीं होती। सिर्फ बाहर के हिस्से यानी वल्वा को गुनगुने पानी से धीरे-धीरे साफ करें।
- अगर साबुन इस्तेमाल करना जरूरी लगे, तो हल्का और बिना खुशबू वाला साबुन सिर्फ बाहरी त्वचा पर लगाएं।
- अगर आपने कोई प्रोडक्ट इस्तेमाल किया है, तो उसे त्वचा पर लगा ना रहने दें। साफ पानी से अच्छी तरह धो लें।
- सफाई के बाद मुलायम और साफ तौलिए से हल्के हाथों से थपथपाकर सुखाएं। त्वचा को रगड़ने से जलन बढ़ सकती है।
- बहुत टाइट या गीले कपड़े पहनने से बचें। ऐसे कपड़े पहनें जिनमें हवा आसानी से जा सके। सूती अंडरवियर पहनना ज्यादा आरामदायक हो सकता है।
नोट: खुजली, जलन, असामान्य डिस्चार्ज, बदबू या दर्द को सिर्फ बार-बार धोकर ठीक करने की कोशिश ना करें। इन लक्षणों के पीछे अलग-अलग कारण हो सकते हैं और हर इंफेक्शन का इलाज भी अलग होता है। ऐसे में गायनेकोलॉजिस्ट से जांच कराना बेहतर है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.