गर्भनिरोध का कौन सा तरीका सबसे सेफ और इफेक्टिव है, ये अक्सर महिलाओं को कन्फ्यूज करता है। प्रेग्नेंसी से बचने के कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन आपके लिए कौन सा बेस्ट रहेगा; आइए गाइनेकोलॉजिस्ट से जानते हैं।
कंडोम का इस्तेमाल
कंडोम प्रेग्नेंसी से बचने का सबसे पॉपुलर और आमतौर पर सबसे सेफ तरीका माना जाता है। हालांकि डॉ. गरिमा सिंह इसे 10 में से 6 रेट करती हैं। डॉक्टर कहती हैं कि कंडोम प्रेग्नेंसी के साथ-साथ यौन संक्रमण यानी एसटीआई (STI) से भी बचाव में मदद करता है। लेकिन इसे हर बार सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है। अगर कंडोम सही तरह से इस्तेमाल ना किया जाए, फट जाए या इंटीमेसी के दौरान निकल जाए, तो प्रेग्नेंसी का खतरा बना रह सकता है।
कॉपर-टी का इस्तेमाल कितना सुरक्षित?
कॉपर-टी यानी आईयूसीडी लंबे समय तक प्रेग्नेंसी से बचने के लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है। डॉ. गरिमा सिंह ने इसे 8/10 की रेटिंग दी है। डॉक्टर कहती हैं कि अगर परिवार पूरा हो गया है या लंबे समय तक बच्चा नहीं चाहिए, तो इसके बारे में डॉक्टर से बात की जा सकती है। कॉपर-टी को डॉक्टर गर्भाशय में लगाते हैं, इसलिए इसे खुद से इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
गर्भनिरोधक गोलियां कितनी असरदार
गर्भनिरोधक गोलियां प्रेग्नेंसी रोकने में काफी असरदार हो सकती हैं। डॉ. गरिमा इन्हें 10 से में 7 की रेटिंग देती हैं। साथ ही डॉक्टर कहती हैं कि ये समझना भी जरूरी है कि हर महिला के लिए ये पिल्स सही नहीं होती हैं और कुछ महिलाओं में इनके साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं। इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के गोलियां शुरू नहीं करनी चाहिए। डॉक्टर आपकी सेहत और जरूरत को देखकर सही विकल्प बता सकते हैं।
विदड्रॉल तरीका कितना सही
इस तरीके में पुरुष स्पर्म निकलने से पहले ही पेनिस (लिंग) को बाहर निकाल लेता है। डॉ. गरिमा सिंह के अनुसार इसे सिर्फ 2/10 की रेटिंग दी जा सकती है। इस तरीके में प्रेग्नेंसी का खतरा सबसे ज्यादा रहता है, इसलिए सिर्फ इसी पर निर्भर रहना सुरक्षित नहीं माना जाता। अगर प्रेग्नेंसी से बचना है तो इससे ज्यादा भरोसेमंद गर्भनिरोधक तरीके का इस्तेमाल करना बेहतर है।
इंटिमेसी के बाद पानी से धोना
इंटिमेसी के बाद पानी से अंदर या बाहर धोने से प्रेग्नेंसी नहीं रुकती। डॉ. गरिमा इसे जीरो रेटिंग देती हैं। इसे लेकर लोगों के बीच एक आम गलतफहमी है कि संबंध के बाद सफाई करने से प्रेग्नेंसी रुक सकती है, लेकिन ऐसा नहीं है। इसलिए प्रेग्नेंसी से बचने के लिए इस तरीके पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
इमरजेंसी गर्भनिरोधक गोली कब लें?
इमरजेंसी गर्भनिरोधक गोली को रोजाना या नियमित गर्भनिरोधक की तरह इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। डॉक्टर इसे 4/10 की रेटिंग देती हैं। यह खास इमरजेंसी सिचुएशन में प्रेग्नेंसी का खतरा कम करने के लिए इस्तेमाल की जाती है। यह ओव्यूलेशन को कुछ समय के लिए टाल सकती है और इसके बाद कुछ महिलाओं का पीरियड जल्दी या देर से आ सकता है। इसलिए इसे बार-बार लेने के बजाय नियमित गर्भनिरोध के लिए डॉक्टर से सही विकल्प के बारे में पूछना बेहतर है।
गर्भनिरोधक इंजेक्शन कितना असरदार है?
गर्भनिरोधक इंजेक्शन भी लंबे समय तक प्रेग्नेंसी रोकने का एक अच्छा ऑप्शन है। डॉ. गरिमा सिंह के अनुसार इसे 8/10 की रेटिंग दी जा सकती है। हालांकि, कुछ महिलाओं में इसके कारण पीरियड में कुछ समय के लिए बदलाव हो सकता है। इसे लेने से पहले डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है, ताकि आपकी जरूरत के हिसाब से यह तय किया जा सके कि यह आपके लिए सही है या नहीं।
गर्भनिरोधक इंप्लांट है सबसे बेस्ट ऑप्शन
गर्भनिरोधक इंप्लांट लंबे समय तक प्रेग्नेंसी रोकने वाले सबसे असरदार और वापस हटाए जा सकने वाले विकल्पों में से एक माना जाता है। डॉ. गरिमा सिंह ने इसे 10/10 की रेटिंग दी है। हालांकि इसके लिए भी पहले अपने डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी होता है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.