यदि आपको भी डर लग रहा है कि आपको जल्दी रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिलेगा तो आपको गैस कंपनियों की बताई कुछ ट्रिक्स को इस्तेमाल करना चाहिए. इन टिप्स को फॉलो करके आप 25 प्रतिशत तक गैस बचा सकते हैं. मतलब ये कि यदि आपका गैस सिलेंडर पहले 30 दिन चलता था, तो अब लगभग 40 दिन तक चल सकेगा.
स्मार्ट कुकिंग के जरिए आप 25 फीसदी तक रसोई गैस बचा सकते हैं. (Image – Canva)
इंडियन ऑयल और बीपीसीएल जैसी गैस कंपनियों ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लोगों को बताया है कि खाना पकाने के दौरान स्मार्ट तरीके अपनाने से 25% तक गैस बच सकती है. सबसे अहम ट्रिक है कि किसी भी चीज में उबाल आने के बाद आंच को तुरंत धीमा कर देना. तेज आंच पर खाना जल्दी नहीं पकता, बल्कि गैस ज्यादा जलती है. धीमी आंच पर बर्तन में गर्मी बनी रहती है और खाना अच्छे से पक जाता है. इसके अलावा अन्य कंपनियां और एक्सपर्ट भी कह रहे हैं कि ये बदलाव करके घर वाले सिलेंडर को लंबे समय तक चला सकते हैं.
घरेलू खपत ज्यादा है, इसलिए अपनाएं ये टिप्स
पिछले कुछ सालों से एलपीजी की कीमतें वैश्विक स्तर पर ऊपर-नीचे होती रही हैं. उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को सब्सिडी मिलती है, लेकिन आम मध्यम वर्ग को पूरी कीमत चुकानी पड़ती है. मिडिल ईस्ट में युद्ध जैसी स्थिति से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है, जिससे भारत में भी कमी का डर फैला है. पहले लोग 21 दिन में नया सिलेंडर बुक कर लेते थे, लेकिन अब सरकार ने इसे 25 दिन किया है, ताकि काला बाजारी रुके. घरेलू इस्तेमाल में एलपीजी की खपत सबसे ज्यादा है. यह करीब 86% है. ऐसे में बचत के तरीके बहुत जरूरी हो गए हैं.
- प्रेशर कुकर इस्तेमाल करने से 30-50% तक गैस बच सकती है, क्योंकि खाना जल्दी पकता है.
- अनाज और दालों को 20-30 मिनट या रात भर भिगोने से खाना 20-40% तेज पकता है.
- बर्तन पर ढक्कन लगाकर पकाने से 30% तक गैस की बचत होती है.
- बर्नर को साफ रखने से फ्लेम नीली रहती है और गैस कम जलती है.
- सही साइज का बर्तन इस्तेमाल करें, ताकि फ्लेम बर्तन के किनारों से बाहर न निकले.
- एक साथ दो तीन चीजें पकाएं या बैच कुकिंग करें, ताकि बार-बार चूल्हा जलाने की जरूरत न पड़े.
- इंडक्शन या माइक्रोवेव का हल्के कामों के लिए इस्तेमाल करें.
- ये छोटे बदलाव कुल मिलाकर 25-30% तक बचत कर सकते हैं, यानी महीने में 200-300 रुपये तक की बचत संभव है.
About the Author

मलखान सिंह पिछले 17 वर्षों से ख़बरों और कॉन्टेंट की दुनिया में हैं. प्रिंट मीडिया से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई नामी संस्थानों का नाम प्रोफाइल में जुड़ा है. लगभग 4 साल से News18Hindi के साथ काम कर रहे …और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.