महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) परिसर में स्थित पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए। एमसीए ने बंबई हाईकोर्ट में कहा कि एफडीए को पहले नोटिस जारी करना चाहिए था।
‘रेस्तरां की रसोई में मक्खियां और तिलचट्टे’
एमसीए के वकील विक्रम नानकानी ने कहा कि एफडीए को पहले नोटिस जारी करना चाहिए था ताकि भोजनालयों को कमियों को दूर किया जा सके। हालांकि पीठ ने कहा कि जब एफडीए अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान ‘गंभीर उल्लंघन’ पाए तो यह जरूरी नहीं था। अदालत ने कहा, ”एफडीए की रिपोर्ट के अनुसार भोजनालय की रसोई में तिलचट्टे और मक्खियां भरी हुई थीं तथा फर्श फिसलन भरा और गंदा था। यदि स्वच्छता मानकों का घोर उल्लंघन हुआ है, तो एफडीए तत्काल लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय ले सकता है।” इसके बाद नानकानी ने कहा कि सभी रेस्तरां और भोजनालय बंद होने के कारण एमसीए क्रिकेटरों को चाय भी नहीं परोस पा रहा है। इस पर अदालत ने पूछा कि क्या क्रिकेटरों को पता था कि वे ‘मांसाहारी चाय’ का सेवन कर रहे हैं। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश घुगे ने कहा, ”रेस्तरां की रसोई में मक्खियां और तिलचट्टे हैं। यह मांसाहारी चाय है। क्या उन्हें (क्रिकेटरों को) पता है कि वे यह चाय पी रहे हैं।”
MCA में पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित
एफडीए ने खाद्य सुरक्षा मानकों के कथित उल्लंघन को लेकर मुंबई क्रिकेट संघ परिसर में स्थित पांच प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित किए हैं। इन प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई में खामियां पाई गईं। एफडीए ने सोमवार को बताया कि उसके राज्यव्यापी अभियान के तहत एमसीए के पांच प्रतिष्ठान सहित 11 खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। अभियान के दौरान 45 होटल, रेस्तरां, भोजनालय और ढाबों का निरीक्षण किया गया, 33 प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए और 25 स्थानों पर छापे मारे गए। कार्रवाई की जद में आए एमसीए के पांच प्रतिष्ठानों में परमिट रूम, पवेलियन, मेडिटेरेनियन, ओरिएंटल स्विंग और क्लबवे एंड पेस्ट्री काउंटर शामिल हैं। एफडीए ने 20 अगस्त को इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था और स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, भंडारण और साफ-सफाई से जुड़ी विभिन्न खामियां पाई थीं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.