भारत बनाम श्रीलंका, कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन ध्रुव जुरैल ने शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 177 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 115 रन बनाए और पारी घोषित होने तक क्रीज पर बने रहे। इस दौरान जुरैल ने एक खास कारनामा कर दिया। वे रविचंद्रन अश्विन, मुरलीविजय, वीवीएस लक्ष्मण और सचिन तेंदुलकर की खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं। उन्होंने शतक के लिए ऐसा इंतजार कराया कि 2007 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक गेंदे खेलकर 99 से 100 रनों तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। ध्रुव जुरैल ने सोमवार को 99 के स्कोर से 100 तक पहुंचने के लिए कुल 13 गेंदों का सामना किया।
2007 के बाद से टेस्ट मैचों में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा 99 से 100 रनों तक पहुंचने के लिए सबसे ज्यादा गेंदे लेने का रिकॉर्ड रविचंद्रन अश्विन के नाम है। उन्होंने साल 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रास आइलेट में खेले गए मुकाबले में कुल 15 गेंदों का सामना किया था तब 99 के बाद 100 रनों पर पहुंचे थे। सूची में दूसरे स्थान पर मुरलीविजय का नाम है। उन्होंने साल 2014 में ट्रेंट ब्रिज में इंग्लैंड के खिलाफ 99 से 100 रनों तक पहुंचने के लिए कुल 14 गेंदें खेली थीं। ध्रुव जुरैल अब इस सूची में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 2026 में कोलंबो में 99 से 100 रनों तक पहुंचने के लिए कुल 13 गेंदों का सामना किया है। सूची में वीवीएस लक्ष्मण चौथे और सचिन तेंदुलकर पांचवें स्थान पर हैं। वीवीएस ने साल 2008 में दिल्ली के फिरोजशाह कोटला (अब अरुण जेटली) स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में 99 से 100 तक पहुंचने के लिए कुल 12 गेंदों का सामना किया था। सचिन तेंदुलकर ने भी इसी सीरीज में नागपुर में शतक जड़ा था, जिसमें 99 से 100 का आंकड़ा छूने के लिए क्रिकेट के भगवान को 12 गेंदें लग गई थीं।
2007 के बाद से टेस्ट मैचों में किसी भारतीय द्वारा 99 से 100 रन तक पहुंचने में ली गई सबसे ज्यादा गेंदें
15 – रविचंद्रन अश्विन बनाम वेस्टइंडीज़ (ग्रोस आइलेट, 2016)
14 – मुरली विजय बनाम इंग्लैंड (ट्रेंट ब्रिज, 2014)
13 – ध्रुव जुरेल बनाम श्रीलंका (कोलंबो SSC, 2026)
12 – वीवीएस लक्ष्मण बनाम ऑस्ट्रेलिया (दिल्ली, 2008)
12 – सचिन तेंदुलकर बनाम ऑस्ट्रेलिया (नागपुर, 2008)
बता दें कि श्रीलंका में भारत के लिए नंबर 7 या उससे नीचे के क्रम पर बैटिंग करते हुए टेस्ट शतक लगाने वाले ध्रुव जुरेल दूसरे बन गए बल्लेबाज हैं। उनसे पहले हार्दिक पांड्या (2017 में पल्लेकेले में 108 रन) ने ऐसा किया था। इससे पहले भारत के लिए नंबर 7 या उससे नीचे के क्रम पर आखिरी टेस्ट शतक नीतीश कुमार रेड्डी ने दिसंबर 2024 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 114 रन बनाकर लगाया था।