सबसे चर्चित मामला नोएडा निवासी 33 वर्षीय टि्वशा शर्मा का है, जिनका शव 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला था। पुलिस के अनुसार टि्वशा की मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग एप के माध्यम से समर्थ सिंह से हुई थी और दोनों ने दिसंबर 2025 में विवाह किया था। शुरुआती जांच में मौत का कारण फांसी बताया गया, लेकिन अब सामने आए कथित संदेशों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
इसे भी पढ़ें: ‘बहू को थी ड्रग्स की लत, प्रेग्नेंसी के बाद बदला व्यवहार’, Twisha Sharma की संदिग्ध मौत पर ससुराल पक्ष का बड़ा दावा
सोशल मीडिया पर वायरल कुछ बातचीत में टि्वशा ने अपने एक परिचित को लिखा था, “मैं फंस गई हूं भाई, बस तुम मत फंसना। अभी ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय आने पर फोन करूंगी।” इन संदेशों से यह संकेत मिलता है कि वह लंबे समय से मानसिक तनाव और दबाव में थीं। टि्वशा के परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने यह भी कहा कि टि्वशा भोपाल छोड़कर वापस नोएडा आना चाहती थीं। घटना से एक रात पहले तक वह परिवार के संपर्क में थीं और रात करीब दस बजे तक बातचीत हुई थी। इसके बाद अचानक उनकी मौत की खबर आई।
इस मामले में भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में हुए पोस्टमार्टम में मौत का कारण फांसी बताया गया, लेकिन शरीर के कुछ हिस्सों पर सामान्य चोट के निशान भी पाए गए। इन्हीं निशानों को लेकर परिवार ने संदेह जताया है और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है। परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से भी इंकार कर दिया और शव को दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ले जाकर दोबारा जांच कराने की मांग की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के निवास के बाहर टि्वशा के परिवार ने प्रदर्शन भी किया। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल का गठन किया। सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप के नेतृत्व में गठित यह दल दहेज उत्पीड़न, शारीरिक हिंसा और सबूत मिटाने के आरोपों की जांच कर रहा है।
पुलिस ने पति समर्थ सिंह और उनकी मां, जो एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश हैं, उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सत्र न्यायालय से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। पुलिस अभिलेखों में फिलहाल पति को फरार बताया गया है। वहीं टि्वशा के परिजनों का कहना है कि वह न्याय के लिए हर दरवाजा खटखटाएंगे।
इसी बीच, नोएडा के ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से भी एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां इकोटेक तीन क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय दीपिका की कथित रूप से आत्महत्या के बाद मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दीपिका ने अपने घर की छत से कूदकर जान दे दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई।
दीपिका कूडी खेड़ा गांव की रहने वाली थीं और उनका विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले जलपुरा गांव निवासी ऋतिक से हुआ था। परिवार का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर दीपिका को प्रताड़ित किया जाता था। घटना वाली रात भी वह ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से बेहद परेशान थीं।
दीपिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपों से जुड़े सबूत एकत्र किए जा रहे हैं।
देखा जाये तो इन दोनों घटनाओं ने समाज में दहेज प्रथा और वैवाहिक उत्पीड़न को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आधुनिक शिक्षा और शहरी जीवन के बावजूद महिलाओं के खिलाफ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। टि्वशा और दीपिका की मौत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि विवाह के बाद महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान अब भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन दोनों मामलों में जांच का भरोसा दे रहे हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और उन्हें शीघ्र न्याय मिले। समाज के विभिन्न वर्ग भी इन घटनाओं को लेकर चिंता जता रहे हैं और दहेज जैसी कुप्रथा के खिलाफ कडे कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.