बेंगलुरु, पांच अक्टूबर सीमा शुल्क अधिकारियों ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सात अलग-अलग मामलों में 10 यात्रियों के पास से 24.53 करोड़ रुपये मूल्य का 70 किलोग्राम से अधिक हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, सभी यात्रियों को एक और दो अक्टूबर को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) के तहत गिरफ्तार किया गया।
बेंगलुरु सीमा शुल्क विभाग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा की गई जानकारी में बताया कि दो अक्टूबर को बैंकॉक से आए एक यात्री को रोककर उसके पास से छह किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 2.10 करोड़ रुपये है। अन्य सभी मामले एक अक्टूबर को सामने आए। बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से सीमा शुल्क जांच से बचाने के लिए छिपाकर रखा गया एक किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये है।
एक अन्य यात्री के पास से बैंकॉक से पहुंचने पर 1.37 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 47.95 लाख रुपये है। कुआलालंपुर से आए एक यात्री के पास से 7.90 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 2.77 करोड़ रुपये है। वहीं, बैंकॉक से आए एक अन्य यात्री के पास से 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 4.20 करोड़ रुपये है।
एक अन्य मामले में वियतनाम से आए चार यात्रियों के सामान में छिपाकर रखा गया 29.80 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 10.43 करोड़ रुपये है। इसके अलावा बैंकॉक से आए एक अन्य यात्री के सामान से 12 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 4.20 करोड़ रुपये है। अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस एक्ट) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.