Last Updated:
India vs Netherlands T20 World Cup Match Records: टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए नीदरलैंड को भी शिकस्त दी. भारत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले अपने इस आखिरी ग्रुप मैच में नीदरलैंड को 17 रन से हराया. टीम इंडिया के लिए बैटिंग और बॉलिंग में शिवम दुबे ने धमाल मचाया, जबकि दूसरी पारी में वरुण चक्रवर्ती की फिरकी का जादू भी देखने को मिला. इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने. चलिए हम आपको बताते हैं.
भारत ने जीत के चौके के साथ ग्रुप-ए के मुकाबलों का समापन किया है. टीम इंडिया ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 36वें मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 17 रन से जीत दर्ज की. 66 रन की पारी खेलने के साथ 2 विकेट हासिल करने वाले शिवम दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 193 रन बनाए. इसके जवाब में नीदरलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट खोकर 176 रन ही बना सकी.

टीम की शुरुआत खराब हुई थी. तीसरी गेंद पर अभिषेक शर्मा (0) का विकेट खो चुकी थी. यहां से तिलक वर्मा ने टीम को संभाला. उन्होंने ईशान किशन के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 रन, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ 30 रन की साझेदारी की. तिलक 27 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद कप्तान सूर्या ने शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 41 रन जुटाकर टीम को 110 के स्कोर तक पहुंचाया. सूर्या टीम के खाते में 34 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटे. इसके बाद शिवम दुबे ने तूफानी पारी खेलकर टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया. दुबे ने 31 गेंदों में 6 छक्के और 4 चौके लगाकर 66 रन बनाए, जबकि हार्दिक ने 21 गेंदों में 30 रन की पारी खेली.

शिवम दुबे ने तूफानी पारी खेलकर हार्दिक पंड्या और युवराज सिंह का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। वह T20 वर्ल्ड कप मैच में भारत के लिए नंबर 5 या उससे नीचे आकर सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने हार्दिक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में T20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ नंबर 5 बैटर के तौर पर 33 गेंदों पर 63 रन की पारी खेली थी. युवराज ने 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ नंबर-5 पर ही 58 रन की पारी खेली थी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.