दिल्ली की शराब नीति में कथित घोटाला मामले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने से सबसे बड़ा झटका कांग्रेस को लगा है। दरअसल अभी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है और अगले साल वहां होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस खुद को सत्ता का प्रबल दावेदार मान रही है। ऐसे में उसे डर है कि केजरीवाल को यदि सहानुभूति का लाभ मिल गया तो आम आदमी पार्टी पंजाब की सत्ता में लौट सकती है। इसके साथ ही कांग्रेस को यह भी डर है कि जिस तरह से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न मुद्दों पर घेरते हुए देश की राजनीति में लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं, उसकी काट के लिए केजरीवाल को सामने लाया गया है ताकि वह मोदी पर हमला करके राहुल के मुकाबले बढ़त ले सकें।
कहने को आम आदमी पार्टी विपक्षी इंडिया गठबंधन की घटक रही है लेकिन उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल के रिहा होने से जिस तरह कांग्रेस नेताओं के चेहरे लटक गये हैं उससे सभी हैरत में हैं। हम आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल और कई अन्य के बरी होने के बाद कांग्रेस ने आज दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गुजरात और पंजाब के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के प्रमुख को ‘नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर’ पेश कर रही है ताकि मुख्य विपक्षी दल को कमजोर किया जा सके। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा एक ‘इच्छाधारी नाग’ है जो सिर्फ कांग्रेस को हराने के लिए अपना रूप बदलती रहती है और इसके लिए वह किसी भी स्तर तक गिर सकती है। पवन खेड़ा ने कहा, ‘‘गुजरात और पंजाब के चुनाव आ रहे हैं तो अरविंद केजरीवाल को नहला-धुलाकर और वाशिंग मशीन से निकालकर पेश किया जा रहा है क्योंकि भाजपा का असली मकसद कांग्रेस मुक्त भारत है।’’ उन्होंने दावा किया कि कैसे कांग्रेस को कमजोर किया जाए, यही भाजपा का खेल है और इसमें कई खिलाड़ी और अंपायर बिके हुए हैं।
इसे भी पढ़ें: AAP के जश्न पर CBI का ‘ब्रेक’! Arvind Kejriwal की रिहाई के खिलाफ Delhi High Court पहुंची जांच एजेंसी
दूसरी ओर, पवन खेड़ा के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, “मैं आपसे पूछता हूं कि केजरीवाल जेल गया, क्या रॉबर्ट वाड्रा जेल गया? संजय सिंह जेल गया, क्या राहुल गांधी जेल गया? मनीष सिसोदिया जेल गया, क्या सोनिया गांधी जेल गईं? कांग्रेसी किस मुंह से बात करते हैं, उन्हें शर्म नहीं आती?”
हम आपको यह भी बता दें कि दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने भी टिप्पणी की है कि इस तरह के घटनाक्रम अक्सर राज्यों में चुनावों के साथ मेल खाते हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि अदालत के फैसले के समय को लेकर सवाल खड़े होते हैं क्योंकि यह सब ऐसे वक्त हो रहा है जब गुजरात विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। वहीं जहां तक भाजपा की बात है तो आपको बता दें कि पार्टी सांसद मनोज तिवारी ने कहा है कि CBI ऊपरी अदालत में जा रही है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.