नॉन-वेजिटेरियन लोगों को अंडा करी खाना भी काफी पसंद होता है लेकिन घर पर बनाओ तो ग्रेवी पतली हो जाती है। पतली ग्रेवी के साथ अंडा करी स्वादिष्ट नहीं लगती। आज हम आपको शेफ भरत की रेस्टोरेंट स्टाइल अंडा करी बनाने की रेसिपी शेयर करने जा रहे हैं, जो एकदम परफेक्ट बनेगी।
अंडा करी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स-
उबले अंडे
3 मीडियम साइज टमाटर
1.5 इंच अदरक
1 लहसुन पूरा
सूखी लाल मिर्च
1 चम्मच काली मिर्च
4-5 हरी इलायची
2-3 तेज पत्ता
2 चम्मच धनिया पाउडर
1 चम्मच कसूरी मेथी
2 चम्मच गरम मसाला
अंडा करी बनाने की आसान रेसिपी
1. सबसे पहले अंडों को उबाल लीजिए और उन्हें छीलकर किनारे कर लीजिए। छीलने के बाद अंडों में चाकू से हल्के कट लगाएं या फिर काटे वाले चम्मच से छेद कर लें।
2. अब आपको कड़ाही में चढ़ाना है तेल और उसमें लंबी कटी हुई प्याज को भूरा होने तक पकाना है। प्याज भूरी हो जाए तब इसमें सूखी लाल मिर्च, लहसुन, अदरक और टमाटर डालकर चलाएं।
3. टमाटर को गलाने के लिए नमक डालें, जिससे जल्दी पकना शुरू हो। इसके बाद इसे धीमी आंच पर ढक्कन लगाकर पकने दें। जब टमाटर गल जाए तब थोड़ा पानी डालें और पकाएं। पकाने के बाद गैस बंद करें और इसे ठंडा होने के लिए छोड़ दीजिए।
4. जब ये मसाला ठंडा हो जाए, तब इसे मिक्सर में डालकर पीस लीजिए। वैसे तो कई लोग ऐसे ही ग्रेवी बना लेते हैं लेकिन अगर आप होटल जैसा गाढ़ापन चाहिए, तो ग्रांइड करना सही रहेगा।
5. अब आपको दूसरे पैन या कड़ाही में तेल फिर से गर्म करना है और उसमें अंडे डालकर उसे तलना है। अंडे तभी तक तलने हैं, जब तक उनका कलर गोल्डन ब्राउन न हो जाए। इन्हें निकालकर अलग प्लेट में रखें।
6. उसी तेल में 1 चम्मच काली मिर्च, 2 लौंग, 1 दाल चीनी, 4-5 हरी इलायची, 2-3 तेज पत्ता डालकर चटकने दें। फिर इसमें पिसी हुई ग्रेवी को डालकर चलाएं।
7. मसाला पकने लगे तब उसमें आपको डालना है 2 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच कसूरी मेथी और 2 चम्मच गरम मसाला डालकर चलाएं।
8. फिर इस मसाले में फ्राई किए हुए अंडों को डालकर धीमी आंच पर ढक्कन लगाकर 5-7 मिनट तक पका लें। इसके बाद हरी धनिया डालकर सर्व करें। आपकी रेस्टोरेंट स्टाइल अंडा करी बनकर रेडी है।
गाढ़ापन लाने के लिए जरूरी स्टेप्स
बता दें करी में गाढ़ापन लाने के लिए आपको टमाटर-प्याज की प्यूरी बनाकर डालनी है। अगर आप प्याज नहीं पिसना चाहते हैं, तो सिर्फ टमाटर को पीसकर डालें। इससे भी आपकी ग्रेवी गाढ़ी बनेगी।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.