- कॉपी लिंक
चारधाम यात्रा का आज 13वां दिन है, अभी तक 4.98 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। वहीं, 25 लाख लोग इस यात्रा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। इस बार व्यवस्थाओं के साथ-साथ यात्रियों के ट्रेंड में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
देहरादून में बनी हाईटेक मॉनिटरिंग व्यवस्था दूसरे राज्यों के लिए मॉडल बनती दिख रही है, वहीं जॉलीग्रांट से बद्रीनाथ और केदारनाथ के लिए हेली सेवा शुरू होने से यात्रा और आसान हो गई है।
ऑल वेदर रोड के चलते यात्रा का समय घटकर 2-4 दिन रह गया है, जबकि श्रद्धालु अब धामों के बजाय रास्ते में पड़ने वाले पर्यटन स्थलों पर रुकना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। इसी बीच सुरक्षा सख्ती और मानसून से पहले सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
पढ़िए चारधाम यात्रा से जुड़े सभी अपडेट…
- हाईटेक मॉनिटरिंग मॉडल हिमाचल में लागू होगा
हिमाचल के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जगत सिंह नेगी ने देहरादून में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का दौरा कर चारधाम यात्रा की तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली का जायजा लिया।
उन्होंने लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम अलर्ट और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस मॉडल को हिमाचल की कैलाश मणिमहेश, किन्नर कैलाश और श्रीखंड महादेव यात्राओं में लागू किया जाएगा। भूस्खलन प्रबंधन, QRT गठन और भूदेव एप के उपयोग पर भी जोर दिया गया।
- दून से बदरी-केदार के लिए हेली सेवा शुरू
जौलीग्रांट हेलीपैड से केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के लिए गुरुवार से हवाई सेवा शुरू हो गई। पूजा-अर्चना के बाद रुद्राक्ष एविएशन के एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने सुबह करीब 7 बजे 16 श्रद्धालुओं को लेकर पहली उड़ान भरी।
इस सेवा के शुरू होने से श्रद्धालुओं को कम समय में दोनों धामों तक पहुंचने की सुविधा मिल रही है और यात्रा पहले के मुकाबले ज्यादा सुगम हो गई है।
- पत्नी के साथ केदारनाथ पहुंचे गौतम अडाणी

गौतम अडाणी ने आज सुबह रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम के दर्शन किए। अडाणी ने शादी की 40वीं सालगिरह पर पत्नी प्रीति अडाणी के साथ महादेव का जलाभिषेक किया। इसी दौरान VIP कल्चर को देखकर वहां मौजूद पुजारी व श्रद्धालु भड़क गए और नारेबाजी करने लगे।
अडाणी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे और वहां से प्राइवेट हेलिकॉप्टर से धाम पहुंचे। दर्शन के बाद उन्होंने प्रस्तावित सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे किया। इसके बाद अडाणी ने धाम से जुड़ी फोटो शेयर की।
- ऑल वेदर रोड से 2-4 दिन में सिमटी यात्रा
बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और ऑल वेदर रोड बनने से चारधाम यात्रा का पैटर्न तेजी से बदल रहा है। पहले 7-8 दिन में पूरी होने वाली यात्रा अब 2 से 4 दिन में पूरी हो रही है।
निजी वाहन से आने वाले यात्री ऋषिकेश से बदरीनाथ और गंगोत्री तक करीब 8 घंटे में पहुंचकर उसी दिन लौट भी रहे हैं। इससे समय की बचत हो रही है और श्रद्धालु कम दिनों में ज्यादा धामों के दर्शन कर पा रहे हैं।
- बद्रीनाथ में ‘मित्र पुलिस’ की मिसाल
बद्रीनाथ धाम की भीड़ में पश्चिम बंगाल से आए एक यात्री की बेटी का मोबाइल खो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कॉल के जरिए मोबाइल बरामद कर परिवार को सौंप दिया।
मोबाइल मिलने पर पिता-पुत्री भावुक हो गए और उत्तराखंड पुलिस को ‘मित्र पुलिस’ बताते हुए धन्यवाद दिया।

मोबाइल मिलते ही पिता-पुत्री भावुक हो गए और उत्तराखंड पुलिस को ‘मित्र पुलिस’ बताते हुए धन्यवाद दिया।
- धामों के बजाय रास्ते के टूरिस्ट स्पॉट बने पसंद
यात्रा मार्ग पर होटल और होमस्टे बढ़ने से ठहरने का ट्रेंड भी बदल गया है। श्रद्धालु अब धामों में रुकने के बजाय रास्ते के पर्यटन स्थलों को प्राथमिकता दे रहे हैं।
यमुनोत्री रूट पर लाखामंडल और खरसाली, गंगोत्री रूट पर हर्षिल और गर्तांग गली, केदारनाथ रूट पर चोपता और त्रियुगीनारायण तथा बदरीनाथ रूट पर माणा, औली और फूलों की घाटी में रौनक बढ़ी है, जबकि धामों में ठहराव घट रहा है।
- हेलीकॉप्टर से 3-4 घंटे में केदारनाथ दर्शन
देहरादून और दिल्ली से आने वाले श्रद्धालु जॉलीग्रांट से हेलीकॉप्टर सेवा लेकर 3-4 घंटे में केदारनाथ के दर्शन कर लौट रहे हैं।
वहीं गुप्तकाशी से हेली सेवा लेने पर करीब 2 दिन लगते हैं, जबकि पैदल यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अब भी दो दिन का समय लग रहा है। इसी वजह से केदारनाथ धाम के होटल पूरी तरह भरे हुए हैं।
- बदरीनाथ में सिर्फ 60% बुकिंग, रुकने की अपील
दर्शन के बाद तुरंत लौटने के ट्रेंड का असर बदरीनाथ धाम में दिख रहा है। 30 से 40 हजार क्षमता वाले धाम में होटल और धर्मशालाओं की केवल 60% बुकिंग दर्ज की गई है।
ज्योतिष्पीठ बदरिकाश्रम के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और पूर्व धर्माधिकारी भुवन उनियाल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे कम से कम एक रात रुककर साधना और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
- केदारनाथ में 110 श्रद्धालुओं को परिजनों से मिलाया
केदारनाथ धाम में रुद्रप्रयाग पुलिस लगातार सेवा और सुरक्षा की मिसाल पेश कर रही है। अब तक 311 कॉल्स पर कार्रवाई करते हुए 110 श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से मिलाया गया है।
इसके अलावा 35 मोबाइल, 50 पर्स-बैग और 20 अन्य जरूरी सामान भी बरामद कर लौटाए गए हैं। पुलिस टीम बुजुर्ग और असहाय श्रद्धालुओं की भी विशेष सहायता कर रही है।

पुलिस ने महिला को उसके परिजनों से मिलवाया।
- यात्रा मार्ग पर सख्ती, 2145 वाहनों के चालान
चारधाम यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए परिवहन विभाग लगातार चेकिंग अभियान चला रहा है। अब तक 7,768 वाहनों की जांच में 2,145 चालान काटे गए हैं और 61 वाहन सीज किए गए हैं।
ब्रह्मपुरी, भद्रकाली और कुठालगेट चेकपोस्ट पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
- मानसून से पहले सड़कें दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए हैं कि मानसून से पहले सभी यात्रा मार्गों को दुरुस्त किया जाए।
लोक निर्माण विभाग, बीआरओ और एनएचएआई को भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का ट्रीटमेंट और लंबित कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया है, ताकि यात्रा सुरक्षित बनी रहे।
अब चारों धामों के बारे में जानिए…




Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
