हाल ही में भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIMs) ने कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया था। MBA और अन्य मैनेजमेंट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 29 नवंबर 2026 यानी रविवार को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी
29 नवंबर को होगा एग्जाम
हाल ही में भारतीय प्रबंधन संस्थानों (IIMs) ने कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) 2026 का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया था। MBA और अन्य मैनेजमेंट प्रोग्राम में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 29 नवंबर 2026 यानी रविवार को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी। CAT 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 3 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 15 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक चलेगी। आवेदन करने वाले उम्मीदवार 4 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
170 शहरों में आयोजित होगी परीक्षा
जारी आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, CAT 2026 परीक्षा देशभर के लगभग 170 शहरों में आयोजित की जाएगी। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा आयोजित करने वाली संस्था द्वारा जारी पात्रता (Eligibility) संबंधी सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ लें। यदि कोई अभ्यर्थी पात्रता मानदंडों को पूरा नहीं करता है, तो उसे परीक्षा या प्रवेश प्रक्रिया के किसी भी चरण में अयोग्य घोषित किया जा सकता है।
रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवार अपनी पसंद के अनुसार ड्रॉप-डाउन मेन्यू से अधिकतम पांच परीक्षा शहरों का चयन कर सकेंगे।
कौन कर सकता है आवेदन ?
CAT 2026 के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है। सामान्य, ईडब्ल्यूएस (EWS) और ओबीसी (OBC) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए कम से कम 50% अंक या समकक्ष CGPA होना चाहिए। वहीं, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और बेंचमार्क दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम 45% अंक या समकक्ष CGPA निर्धारित किया गया है।
ग्रेजुएशन के अंतिम वर्ष के छात्र भी कर सकते हैं अप्लाई
इसके अलावा, स्नातक के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे छात्र या जिनका अंतिम परिणाम अभी घोषित नहीं हुआ है, वे भी CAT 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, परीक्षा में शॉर्टलिस्ट होने पर उन्हें अपने विश्वविद्यालय या संस्थान से यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा कि निर्धारित समय-सीमा तक उन्होंने डिग्री की सभी आवश्यक शर्तें पूरी कर ली हैं।
जिन उम्मीदवारों के पास चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA), कंपनी सेक्रेटरी (CS), कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA/ICWA) या फेलो ऑफ द इंस्टीट्यूट ऑफ एक्चुअरीज ऑफ इंडिया (FIAI) जैसी प्रोफेशनल योग्यता है, वे भी CAT 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए उन्हें निर्धारित न्यूनतम अंकों (जनरल/ओबीसीा/इडब्ल्यूएस के लिए 50% और एससी/एसटी/PwBD के लिए 45%) की पात्रता शर्त पूरी करनी होगी।
कितना देना होगा आवेदन शुल्क ?
CAT 2026 के लिए आवेदन शुल्क श्रेणी के अनुसार निर्धारित किया गया है।
SC, ST और PwBD श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1,350 रुपये है।
अन्य सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 2,700 रुपये रखा गया है।
CAT 2026 Registration: ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
उम्मीदवार नीचे दिए गए आसान चरणों का पालन करके CAT 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं:
स्टेप 1: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट iimcat.ac.in पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर ‘New Candidate Registration’ के तहत दिए गए ‘Register’ बटन पर क्लिक करें।
स्टेप 3: अपना नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर और अन्य जरूरी जानकारी भरें। OTP सत्यापन पूरा करें और घोषणा (Declaration) स्वीकार करके रजिस्ट्रेशन सबमिट करें।
स्टेप 4: रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद सिस्टम द्वारा मिले यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से लॉग इन करें।
स्टेप 5: अब CAT 2026 आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव (यदि हो), पसंदीदा मैनेजमेंट प्रोग्राम और पांच परीक्षा शहरों का चयन करें।
स्टेप 6: सभी आवश्यक दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें।
स्टेप 7: निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।
स्टेप 8: शुल्क जमा होने के बाद आपके रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर आवेदन की पुष्टि (Confirmation) भेजी जाएगी। भविष्य के लिए आवेदन फॉर्म डाउनलोड करके उसका प्रिंट या PDF सुरक्षित रख लें।
कब आएगा रिजल्ट
आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, CAT 2026 का रिजल्ट जनवरी 2027 के पहले सप्ताह में घोषित किए जाने की संभावना है। उम्मीदवार अपना परिणाम आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉग इन करके देख सकेंगे। साथ ही, अभ्यर्थियों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि CAT 2026 का स्कोर केवल 31 दिसंबर 2027 तक ही वैध रहेगा। इसके बाद यह स्कोर IIM और अन्य मैनेजमेंट संस्थानों में प्रवेश के लिए मान्य नहीं होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.