BYD का प्रीमियम ब्रैंड Denza भारत में लॉन्च होने वाला है। भारत में डेंजा ब्रैंड का पहला मॉडल D9 लग्जरी एमपीवी हो सकता है। इसकी एंट्री इस साल दिवाली के आसपास हो सकती है। इसका सीधा मुकाबला Toyota Vellfire जैसी लग्जरी MPVs से होगा।
Mercedes-Benz से रहा है डेंजा का कनेक्शन
डेंजा की शुरुआत 2010 में BYD और Mercedes-Benz के ज्वाइंट वेंचर के तौर पर हुई थी। इसका मकसद चीन में प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारें डिवेलप करना था। समय के साथ बीवाईडी ने डेंजा में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई और 2024 में कंपनी का पूरी तरह टेकओवर कर लिया। हालांकि, मर्सिडीज-बेंज अभी भी डेंजा के साथ डिजाइन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में टेक्नोलॉजी और स्टाइलिंग पार्टनरशिप के तहत काम करती है।
प्रीमियम सेगमेंट की एमपीवी
डेंजा D9 प्रीमियम MPV सेगमेंट में आती है और इसकी लंबाई करीब 5,250mm, चौड़ाई 1,960mm और ऊंचाई 1,920mm है। इसका व्हीलबेस करीब 3,110mm है। इन बड़े डायमेंशंस की वजह से इसका सीधा मुकाबला Toyota Vellfire जैसी लग्जरी MPVs से होगा। भारत में यह MG M9 को भी टक्कर देगी।
7-सीटर केबिन में मिलेंगी लग्जरी सुविधाएं
डेंजा D9 में थ्री-रो वाला 7-सीटर केबिन मिलता है। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान सेकेंड रो की कैप्टन सीटों पर दिया जा सकता है। इन सीटों में इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट के साथ वेंटिलेशन, हीटिंग, मसाज, एक्सटेंडेबल लेग रेस्ट और मेमोरी फंक्शन जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। पीछे बैठे पैसेंजर्स के लिए अलग एंटरटेनमेंट स्क्रीन, फोल्ड-आउट टेबल और प्रीमियम ऑडियो सिस्टम भी दिया जा सकता है। इसके अलावा एमपीवी में बड़ा रोटेटिंग सेंट्रल टचस्क्रीन, फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, मल्टिपल USB चार्जिंग पोर्ट, एम्बिएंट लाइटिंग, पावर्ड स्लाइडिंग रियर डोर और थ्री-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। सेफ्टी के लिए कंपनी इसमें Level 2 ADAS भी दे सकती है।
369bhp तक की पावर, 600km से ज्यादा रेंज
विदेशों में बिकने वाली इलेक्ट्रिक डेंजा D9 को फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों ऑप्शन में ऑफर किया जाता है। इसका टॉप-स्पेक ड्यूल-मोटर AWD वर्जन 369bhp की पावर और 470Nm का टॉर्क देता है। यह करीब 6.9 सेकंड में 0-100kmph की रफ्तार पकड़ सकता है। इसमें BYD की Blade Battery टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाता है। इसकी बैटरी कैपेसिटी 103kWh तक है। CLTC टेस्टिंग साइकिल के मुताबिक, इसका सबसे ज्यादा रेंज वाला वर्जन फुल चार्ज पर 600km से ज्यादा चल सकता है। बैटरी हाई-कैपेसिटी DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसमें Vehicle-to-Load (V2L) फीचर भी उपलब्ध है।
PHEV मॉडल भी हो सकता है ऑप्शन
इलेक्ट्रिक वर्जन के अलावा डेंजा D9 के PHEV वर्जन को भी भारत में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ बीवाईडी का प्लग-इन हाइब्रिड सिस्टम मिलता है। अलग-अलग वेरिएंट के अनुसार इसका कंबाइन्ड आउटपुट 400bhp से ज्यादा हो सकता है। कंपनी के मुताबिक, बैटरी और फ्यूल टैंक का पूरा इस्तेमाल करने पर इसकी कंबाइन्ड ड्राइविंग रेंज 1,000km से ज्यादा हो सकती है। यह MG M9 और Toyota Vellfire जैसे प्रीमियम MPV मॉडल को कड़ी टक्कर दे सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.