BYD भारत में अपना पोर्टफोलियो मजबूत करने की तैयारी कर रही है। बता दें कि सील यू (Seal U) के बाद अब कंपनी की नई कॉम्पैक्ट एसयूवी BYD Atto 2 को भारतीय सड़कों पर टेस्ट करते हुए देखा गया है।
कुछ ऐसी दिख रही है कार
ग्लोबल मार्केट में बीवाईडी Atto 2 को इलेक्ट्रिक (EV) और प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) दोनों ऑप्शन्स में बेचा जाता है। भारत में दिखे टेस्ट मॉडल के अलॉय व्हील डिजाइन को देखकर लग रहा है कि यह इसका फुली इलेक्ट्रिक वर्जन है। लुक की बात करें तो यह भारत में पहले से बिक रही Atto 3 से काफी मिलती-जुलती है। इसमें स्लीक ट्विन-बैरल एलईडी हेडलाइट्स, स्पोर्टी 17-इंच अलॉय व्हील्स, पीछे कनेक्टेड एलईडी टेललाइट्स, रूफ स्पॉइलर और शार्क-फिन एंटीना दिया गया है। साइज में यह कार 4,330 मिमी लंबी और 1,830 मिमी चौड़ी है।
फीचर्स से पूरी तरह लोड है कार
हमेशा की तरह बीवाईडी ने इस एसयूवी को भी फीचर्स से पूरी तरह लोड किया है। कार के केबिन में ऑल-ब्लैक थीम के साथ 12.8-इंच की घूमने वाली टचस्क्रीन मिलेगी। इसके अलावा, 8.8-इंच का डिजिटल क्लस्टर, पैनोरमिक सनरूफ, 50W वायरलेस चार्जर और एम्बिएंट लाइटिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सेफ्टी के लिए इसमें 360-डिग्री कैमरा और लेवल-2 एडास (ADAS) जैसी मॉडर्न टेक्नोलॉजी मिलती है। इसमें एनएफसी (NFC) बेस्ड की-लेस एंट्री और पावर बैंक की तरह इस्तेमाल होने वाला वी2एल (V2L) फीचर भी दिया गया है।
कुछ ऐसा है पावरट्रेन
ग्लोबल मार्केट में यह इलेक्ट्रिक कार दो बैटरी पैक ऑप्शस, 45.1 kWh और 51.1 kWh के साथ आती है। इसका पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर 176bhp की पावर जनरेट करता है। यह एसयूवी महज 7.9 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। माइलेज या रेंज की बात करें तो छोटी बैटरी से एक बार चार्ज करने पर करीब 312 किमी की रेंज मिलती है। वहीं, बड़ी बैटरी के साथ यह कार फुल चार्ज में 410 किमी तक की ड्राइविंग रेंज देने का दावा करती है।
इतनी हो सकती है कीमत
कंपनी ने पहले ही भारत में Atto 2 का डिजाइन पेटेंट फाइल कर दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि बीवाईडी इसे भारत में केवल इलेक्ट्रिक अवतार में लाती है या इसका प्लग-इन हाइब्रिड मॉडल भी पेश करती है। अगर इसकी संभावित कीमत की बात करें तो भारत में इसे 20 लाख रुपये से 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बजट ब्रैकेट में उतारा जा सकता है। शानदार रेंज, मॉडर्न फीचर्स और प्रीमियम लुक के दम पर यह भारतीय मार्केट में बड़ा धमाका कर सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
