शनिवार रात को तेज गेंदबाज ब्राइडन कार्स को डर्बी के एक नाइट क्लब के बाहर हथकड़ी पहने देखा गया था। इसके बाद ईसीबी ने बड़ा कदम उठाया है। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से तेज गेंदबाज को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
ईसीबी ने अपने बयान में क्या कहा?
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बयान जारी कर कहा कि दूसरे टेस्ट के लिए कार्स की जगह सॉनी बेकर को टीम में शामिल किया गया है। दूसरा टेस्ट बृहस्पतिवार से शुरू होगा। ईसीबी ने अपनी वेबसाइट पर कहा, “ईसीबी के संज्ञान में आने के बाद क्रिकेट रेगुलेटर ने पुष्टि की है कि वह शनिवार रात डर्बी में हुई घटनाओं की जांच करेगा। जांच जारी रहने और पूरी जानकारी सामने आने तक ब्रायडन कार्स पुरुष टीम के दूसरे टेस्ट के चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे।” ‘क्रिकेट रेगुलेटर’ ईसीबी के नियमों के संभावित उल्लंघन से जुड़े मामलों की स्वतंत्र रूप से जांच करता है। जांच के बाद कोई कार्रवाई नहीं करने, चेतावनी देने या नियमों के उल्लंघन का आरोप तय करने जैसे विकल्प हो सकते हैं।
कार्स से जुड़ी यह घटना ऐसे समय में हुई है जब इंग्लैंड की पुरुष क्रिकेट टीम पर लगाया गया आधी रात का कर्फ्यू हाल ही में नए कप्तान जो रूट के कार्यभार संभालने के बाद हटा दिया गया था। 31 वर्षीय कार्स ने पिछले सप्ताह काउंटी चैम्पियनशिप में डरहम की डर्बीशायर पर 338 रनों की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। पहले टेस्ट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा न होने के कारण, उन्हें शोएब बशीर, सैम कुक, मैथ्यू फिशर और ओली पोप के साथ काउंटी क्रिकेट खेलने के लिए रिलीज कर दिया गया था।
इंग्लैंड ने पहला टेस्ट एक पारी और 103 रनों से जीता। दूसरा टेस्ट गुरुवार (27 अगस्त) को लॉर्ड्स में शुरू होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.