भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के आधार पर पार्टी अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने को लेकर आश्वस्त है। मुजफ्फरनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं द्वारा स्वागत किए जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में नवीन ने कहा, जमीनी स्तर पर जो माहौल दिख रहा है, वह बहुत सकारात्मक है। हमें भरोसा है कि 2027 में भाजपा फिर जीतेगी।
नवीन सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे थे। उनके दौरे का उद्देश्य विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को मजबूत करना और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करना है। उन्होंने मेरठ से सहारनपुर तक सड़क मार्ग से यात्रा की।
इस दौरान उनके साथ भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। मुजफ्फरनगर में राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल समेत भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नवीन का स्वागत किया। अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह था।
इससे पहले सोमवार को नवीन ने मेरठ का दौरा किया था, जहां उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मेरठ से सहारनपुर जाते समय नवीन का काफिला मेरठ जिले के सिवाया टोल प्लाजा से गुजरा, जहां बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए जुटे थे। हालांकि, काफिला टोल प्लाजा पर नहीं रुका और नवीन ने कार के अंदर से हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।
सहारनपुर पहुंचने पर भी भाजपा अध्यक्ष का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। नागल, कोलकी टोल और ग्रैंड रिसॉर्ट समेत विभिन्न स्थानों पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके गुजरने वाले मार्गों को होर्डिंग और बैनर से सजाया गया था।
पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उन्होंने बताया कि नवीन संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा करेंगे। शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा चुनावी तैयारियों का हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि नवीन अंबाला मार्ग स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व भाजपा सांसदों, पूर्व विधायकों और विधान परिषद के पूर्व सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वह प्रदेश और क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की सक्रियता और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि नवीन का यह दौरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 71 विधानसभा सीटों को लेकर भाजपा की चुनावी तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सहारनपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने शंख ध्वनि तथा पुष्प वर्षा के साथ नवीन का स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष ने विभिन्न बैठकों में विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी संगठन और आगामी चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नवीन का यह पहला सहारनपुर दौरा है।
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह, प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर भी मौजूद रहे। नवीन ने सहारनपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना की और उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश के कल्याण की कामना की। दलित समाज के लोगों ने उन्हें संत रविदास की प्रतिमा और पुस्तक भेंट की।
इस अवसर पर नवीन ने कहा कि संत रविदास के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हर व्यक्ति को सम्मान और मुख्यधारा से जोड़ने का संकल्प डबल इंजन सरकार में पूरा किया जा रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.