पटना, 28 जुलाई बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुल्तानगंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा अजगैबीनाथ से अगुवानी घाट तक रोपवे, भागलपुर से मुंगेर तक गंगा पथ (मरीन ड्राइव), नए टाउनशिप और औद्योगिक गलियारे विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, चौधरी ने सुल्तानगंज स्थित कांवरिया पथ पर निर्मित सेवा शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि श्रावणी मेला केवल आस्था का पर्व नहीं बल्कि बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा, “अगुवानी-सुल्तानगंज गंगा पुल का निर्माण 31 दिसंबर, 2027 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। सुल्तानगंज से देवघर तक फोरलेन सड़क का निर्माण भी वर्षा ऋतु के बाद तेज गति से शुरू होगा, जबकि सुल्तानगंज-देवघर नई रेल लाइन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है।”
उन्होंने कहा कि अजगैबीनाथ धाम में हरिद्वार की तर्ज पर दोनों ओर घाट और पूरे क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
चौधरी ने कहा कि यहां डॉल्फिन पर्यटन, गंगा पार्क और रोपवे परियोजना पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “ नाथनगर में विक्रमशिला टाउनशिप तथा बरियारपुर-मुंगेर क्षेत्र में ‘अंग टाउनशिप’ विकसित की जाएगी। गोराडीह और असरगंज में औद्योगिक गलियारा स्थापित कर रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला दुनिया के सबसे बड़े आस्था पर्वों में से एक है, जिसमें करोड़ों श्रद्धालु ‘बोल बम’ के उद्घोष के साथ सुल्तानगंज से देवघर तक पदयात्रा करते हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग सहित सभी संबंधित विभाग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं और स्थानीय लोग भी सेवा भाव से कांवड़ियों की सहायता में जुटे हैं। चौधरी ने बाबा अजगैबीनाथ और बाबा बैद्यनाथ से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि तथा बिहार के निरंतर विकास की कामना करते हुए विश्वास जताया कि प्रशासन व स्थानीय लोगों के सहयोग से इस वर्ष का श्रावणी मेला अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक होगा।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.