प्रौद्योगिकी कंपनी एप्पल ने मेमोरी चिप की बढ़ती लागत के कारण भारत सहित वैश्विक स्तर पर मैकबुक और आईपैड के सभी मॉडल कीकीमतों में 20 से 42 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है।
एप्पल इंडिया की वेबसाइट पर जारी नई मूल्य सूची के अनुसार, कंपनी ने एम5 सीरीज चिप वाले मैकबुक प्रो की कीमत में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि की है। एम5 प्रो चिप वाले 14 इंच के मैकबुक प्रो की कीमत 2,49,900 रुपये से बढ़ाकर 2,99,900 रुपये प्रति इकाई कर दी गई है।
वहीं 13 इंच के आईपैड एयर के बेसिक मॉडल की कीमत में भी भारी बढ़ोतरी की गई है।
इसकी कीमत 84,900 रुपये से 41.22 प्रतिशत बढ़ाकर 1,19,900 रुपये प्रति इकाई कर दी गई है।
वैश्विक प्रौद्योगिकी बाजार अनुसंधान कंपनी काउंटरपॉइंट रिसर्च के सह-संस्थापक एवं अनुसंधान उपाध्यक्ष नील शाह ने कहा कि मैकबुक नियो, मैकबुक एयर, मैकबुक प्रो, आईपैड एयर और आईपैड प्रो वाई-फाई की कीमतों में एप्पल की बढ़ोतरी उपभोक्ता और एंटरप्राइज पीसी तथा टैबलेट बाजार की लागत संरचना में आए सबसे बड़े बदलाव को दर्शाती है। इस पर मेमोरी से लेकर प्रोसेसर तक सेमीकंडक्टर चिप की बढ़ती कीमतों का प्रभाव पड़ा है।
एप्पल ने बयान में कहा कि उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रहा है।
कंपनी ने कहा, ‘‘ एआई डेटा सेंटर के तेजी से विस्तार के कारण मेमोरी और स्टोरेज की मांग में असाधारण वृद्धि हुई है। हमने पहले कभी किसी घटक की कीमतों में इतनी अधिक और इतनी तेज बढ़ोतरी नहीं देखी।’’
बयान के अनुसार, ‘‘ अब तक हमने इन बढ़ी हुई लागतों का बोझ अपने ग्राहकों पर नहीं डाला था, लेकिन अब हम ऐसी स्थिति में पहुंच गए हैं, जहां हमें कई उत्पादों की कीमतें बढ़ानी पड़ रही हैं। इनमें आज आईपैड और मैकबुक की कीमतों में की गई बढ़ोतरी भी शामिल है। हमें पता है कि यह ग्राहकों के लिए अच्छी खबर नहीं है और हम इसका समाधान खोजने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.