भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) 18 सितंबर को मुंबई में होगी। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को पीटीआई से इसकी पुष्टि की है।
एजीएम के एजेंडे (मुख्य मुद्दा) में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की क्रिकेट संघ को बीसीसीआई की एसोसिएट सदस्यता देने का प्रस्ताव भी शामिल है। बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने जून में हुई अपनी पिछली बैठक में भी इस मुद्दे पर चर्चा की थी। एसोसिएट सदस्य को बीसीसीआई में मतदान का अधिकार नहीं होता।
बैठक के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के चेयरमैन सहित संचालन समिति के दो पदों के लिए चुनाव भी होगा। फिलहाल अरुण धूमल आईपीएल संचालन समिति के चेयरमैन हैं।
बीसीसीआई के चुनाव अधिकारी एके ज्योति ने मंगलवार को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी। इसके मुताबिक 18 सितंबर 2026 को होने वाली एजीएम में संचालन समिति के दो निर्वाचित सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होगा।
सदस्यों को अपने प्रतिनिधि के नामांकन के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त है। वैध रूप से नामित उम्मीदवारों की घोषणा 11 सितंबर को की जाएगी। दोनों पदों पर हालांकि चुनाव निर्विरोध होने की संभावना है।
एजीएम के एजेंडे में भारतीय क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि को आईपीएल संचालन समिति में शामिल करना भी है। इसके अलावा बीसीसीआई के लोकपाल और आचरण अधिकारी की नियुक्ति का मुद्दा भी बैठक में रखा जाएगा।
मैदान पर कहां है भारत?
प्रशासनिक फैसलों से इतर बात करें तो मौजूदा समय में भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर है। यहां टीम इंडिया दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने के लिए गई है। पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा चुका है। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने बड़ी जीत हासिल की थी। दूसरे मैच में भी टीम इंडिया की स्थिति मजबूत है और वह बड़ी जीत की ओर बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। मौजूदा समय में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से भारतीय टीम के लिए यह सीरीज बेहद अहम है। भारत अगर सीरीज को 2-0 से जीतता है तो उसकी रैंकिंग में सुधार हो सकता है जो फाइनल में पहुंचने के लिए अहम होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के सायकल के अंत तक जो दो टीमें टॉप-2 रैंकिंग में रहेंगी, वही फाइनल मुकाबला खेलेंगी। यह WTC का चौथा संस्करण है। भारत दो बार फाइनल में पहुंचा है लेकिन खिताब जीतने में असफल रहा है। पिछले संस्करण में टीम इंडिया फाइनल में भी प्रवेश नहीं कर सकी थी। अब तक न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने यह टूर्नामेंट अपने नाम किया है।
भाषा आनन्द सुधीर
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.