बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बुधवार को अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास को वनडे टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है। बोर्ड ने यह फैसला 2027 क्रिकेट वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया है। बांग्लादेश क्रिकेट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिटन दास को बधाई दी और उन्हें वनडे टीम का नया कप्तान घोषित किया। मेहदी हसन मिराज की जगह ली 31 वर्षीय लिटन दास ने मेहदी हसन मिराज की जगह ली है। मिराज जून 2025 से टीम की कमान संभाल रहे थे, लेकिन जिम्बाब्वे के खिलाफ हाल ही में हुई वनडे सीरीज में बांग्लादेश को 1-2 से मिली हार के बाद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया। मिराज की कप्तानी में बांग्लादेश ने कुल 20 वनडे मैच खेले, जिसमें से टीम ने 10 में जीत दर्ज की और 9 मैचों में हार का सामना किया। टी-20 के बाद अब वनडे की जिम्मेदारी लिटन दास पहले से ही बांग्लादेश की टी-20 टीम की कप्तानी कर रहे हैं और अब उन्हें वनडे टीम की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। दाएं हाथ के बल्लेबाज लिटन दास इससे पहले भी स्टैंड-इन कप्तान के तौर पर वनडे फॉर्मेट में टीम की अगुवाई कर चुके हैं। उन्होंने अब तक 7 वनडे मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से टीम ने 3 मैचों में जीत हासिल की है। इस नियुक्ति के साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत हुई है, जिसका मुख्य लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम को तैयार करना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.