Latest ICC Test Team Rankings: बांग्लादेश को आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ है। भारत टॉप 5 में मौजूद है।ऑस्ट्रेलियाई टीम का दबदबा जारी है।
भारत और पाकिस्तान किस नंबर पर?
आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में भारत चौथे नंबर पर कायम है। भारत के खाते में 104 अंक हैं। भारतीय टीम फिलहाल श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। भारत ने 1-0 की बढ़त बना रखी है। भारत ने गॉल में पहला टेस्ट 165 रनों से जीता था। श्रीलंका टीम सातवें स्थान पर है। उसके 76 अंक हैं। पाकिस्तान 75 अंकों के साथ आठवें नंबर पर है। पाकिस्तान को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में पारी और 103 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा था। यह मैच लीड्स में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया का रैंकिंग में दबदबा जारी है। ऑस्ट्रेलियाई टीम 126 अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज है। साउथ अफ्रीका दूसरे नंबर पर है। उसके खाते में 119 अंक हैं। न्यूजीलैंड (106 अंक) तीसरे स्थान पर मौजूद है।
मिचेल स्टार्क ने किया बांग्लादेश को ‘तबाह’
ऑस्ट्रेलिया ने मिचेल स्टार्क की कातिलाना गेंदबाजी की बदौलत बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट में ‘तबाह’ किया। उन्होंने मैच में 51 रन देकर 10 विकेट चटकाए। उन्होंने पहली पारी में 12 रन देकर छह और दूसरी पारी में 39 रन पर चार शिकार किए। पैट कमिंस (10 रन पर तीन विकेट) और नाथन लियोन (25 रन पर तीन विकेट) ने भी तीन-तीन विकेट लेकर स्टार्क का अच्छा साथ दिया। बांग्लादेश की दूसरी पारी 38.3 ओवर में 95 रन पर सिमट गई। कप्तान नजमुल ने 31 रन बनाए जबकि मुशफिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक में भी नहीं पहुंच पाया। स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में चौथी बार मैच में 10 विकेट चटकाए। वह दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़कर टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में 10वें स्थान पर पहुंच गए। उनके नाम अब 445 विकेट हैं। स्टार्क प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज चुने गए।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.