लॉर्ड्स टेस्ट मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाज इमाम-उल-हक ने बताया था कि उन्हें पिंडली में चोट लगी है। इस कारण उन्होंने पूरे मैच में एक भी गेंद नहीं खेली थी। अब उन पर आरोप लग रहे हैं कि उन्होंने चोट का बहाना किया था। उन पर पहले भी ऐसा करने के कारण बैन लगने की सिफारिश की जा चुकी है।
फेक इंजुरी के कारण बैन लगाने की सिफारिश की गई
पाकिस्तान की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह पहली बार नहीं है जब सलामी बल्लेबाज पर शारीरिक चोट का बहाना बनाने का आरोप लगा है। जियो.टीवी के अनुसार, 2025 में पीसीबी की एक समिति ने इमाम को ‘पाकिस्तान के न्यूजीलैंड दौरे के दौरान चोट का गलत विवरण देने’ का दोषी पाया था और उन पर सभी फॉर्मेट से प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की थी। इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान फील्डिंग करते समय इमाम के बाएं पैर की पिंडली में ग्रेड 1 की चोट लग गई थी, जिसमें उन्होंने दो महत्वपूर्ण कैच छोड़ दिए थे। इस चोट के चलते इमाम लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में बल्लेबाजी नहीं कर पाए। पहले दिन चायकाल के बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा और उनकी जगह सलमान अली आगा को फील्डर के रूप में उतारा गया। क्रिकइन्फो के अनुसार, इमाम को 10 दिनों तक आराम करने की सलाह दी गई थी। चौथे दिन की शुरुआत से पहले उन्होंने कुछ थ्रोडाउन करने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही सहायक कर्मचारियों के साथ लंगड़ाते हुए वापस लौट आए।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी लगाए बहाना बनाने के आरोप
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और अब ब्रॉडकास्टर बने स्टुअर्ट ब्रॉड ने भी इमाम पर चोटिल होने का बहाना करने का आरोप लगाया। ब्रॉड ने स्काई स्पोर्ट्स पर कहा “ये सब दिखावा है। मीडिया और शायद उसके साथियों ने उसकी थोड़ी आलोचना की है। खैर, कोई बात नहीं। आप ये सब स्कूल के अंदर बिना किसी की नजर में आए कर सकते हैं। आपको शॉर्ट्स और टेप पहनकर इस तरह लंगड़ाते हुए आने की ज़रूरत नहीं है। मुझे ये बिल्कुल पसंद नहीं आया। माफ कीजिए।”
जियो टीवी की रिपोर्ट में किया गया ये दावा
जियो.टीवी की रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2025 में इमाम ने पैर के अंगूठे में चोट लगने का दावा किया था, लेकिन समिति को उन्हें अयोग्य घोषित करने के लिए कोई चिकित्सीय सबूत नहीं मिला। एक्स-रे में न तो फ्रैक्चर और न ही डिसलोकेशन पाया गया। जांच में यह निष्कर्ष निकला कि इमाम ने अपने लक्षणों को बढ़ा-चढ़ाकर बताया था। उन्होंने चिकित्सा कर्मचारियों को गुमराह किया था। इसी के कारण पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने पर सभी फॉर्मेट और स्तरों पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई। जांच में यह भी आरोप लगाया गया कि इमाम ने जानबूझकर न्यूजीलैंड की तेज और चुनौतीपूर्ण पिचों पर ओपनिंग करने से बचने की कोशिश की थी। उनके इस आचरण को जानबूझकर और गुमराह करने वाला बताया गया।
अब इस पिंडली की चोट की एक और जांच शुरू होने की संभावना है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.