बाल्टिक देशों में शक्तिशाली चक्रवात के शनिवार से रविवार सुबह तक दस्तक देने के बाद लातविया और लिथुआनिया में करीब पांच लाख लोग बिजली से वंचित हो गए, जबकि दो लोगों की मौत हो गई। चक्रवात के कारण बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। लातविया के पर्यावरण, भूविज्ञान और मौसम विज्ञान केंद्र के एंड्रिस विक्सना ने ‘एपी’ से कहा, ‘‘कुल प्रभाव के लिहाज से यह 2005 के बाद लातविया में आया सबसे गंभीर तूफान लगता है।’’
मध्य लातविया के जेलगावा में शनिवार को इमारत का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
देशभर में कई अन्य लोग घायल हुए। राजधानी रीगा में शनिवार को हवा की गति 67 मील प्रति घंटे से अधिक रही। कई मौसम केंद्रों पर शनिवार को बारिश की औसत मासिक मात्रा आधी दर्ज की गई।
ढाई लाख से अधिक लोग बिजली के बिना रहे और मोबाइल सेवाएं भी बाधित हुईं। रेल और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी प्रभावित हुईं क्योंकि पेड़ और अन्य वस्तुएं सड़कों पर गिर गईं। रीगा हवाई अड्डे ने रविवार सुबह कहा कि रात में आए भीषण तूफान के कारण उड़ानों में देरी हो सकती है या उनके मार्ग बदले जा सकते हैं।
पड़ोसी लिथुआनिया में भी पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए जबकि रविवार सुबह दो लाख से अधिक लोग बिजली से वंचित रहे।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.