टू-व्हीलर का शौक रखने वालों और नए राइडर्स के लिए एक बड़ी और शानदार खबर सामने आ रही है। भारत की जानी-मानी ऑटो कंपनी बजाज ऑटो अपनी पहली एडवेंचर (ADV) बाइक लॉन्च करने की पूरी तैयारी में है।
कब लॉन्च होगी बाइक?
बाइक की लॉन्चिंग को लेकर बजाज ब्राजील के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर वाल्दिर फेरेरा ने एक बड़ा संकेत दिया है। उनके मुताबिक, ब्राजील में ग्राहकों को यह नई ADV बाइक दिसंबर 2026 में क्रिसमस के खास मौके पर तोहफे के रूप में मिल सकती है। हालांकि, भारत में इसे दिवाली 2026 के फेस्टिव सीजन के आसपास ही लॉन्च किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है। न्यूज वेबसाइट rushlane के अनुसार, इस नई एडवेंचर बाइक को ‘ट्रेकर’ नाम से मार्केट में उतारा जा सकता है। बता दें कि बजाज ने हाल ही में इस नाम का ट्रेडमार्क भी कराया है।
टेस्टिंग के दौरान हुई स्पॉट
हाल ही में इस बाइक के टेस्ट मॉडल को भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। टेस्टिंग मॉडल में साड़ी गार्ड लगा हुआ नजर आया है। इससे साफ पता चलता है कि कंपनी इसे भारतीय ग्राहकों के हिसाब से तैयार कर रही है। बाइक के लुक और डिजाइन की बात करें तो इसमें एडवेंचर बाइक्स की खासियत जैसे आगे की तरफ बीक, फोर्क गेटर्स और हाई-माउंटेड एग्जॉस्ट दिया गया है। खराब रास्तों पर बेहतर ग्रिप के लिए इसमें स्पोक व्हील्स दिए गए हैं, जो आगे 19-इंच और पीछे 17-इंच के हो सकते हैं।
कुछ ऐसी है बाइक की डिजाइन
लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए बजाज ने इसके डिजाइन पर काफी ध्यान दिया है। बाइक में काफी मस्कुलर फ्यूल टैंक के साथ शार्प एक्सटेंशन्स दिए गए हैं। इसके अलावा, राइडर और पीछे बैठने वाले पिलियन के लिए एक लंबी और बेहद आरामदायक सिंगल-पीस सीट दी गई है। इसका राइडिंग पॉस्चर सीधा और आरामदायक रखा गया है, ताकि लंबे रूट पर राइडर को थकान न हो। सस्पेंशन के लिए फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क्स और रियर में मोनोशॉक यूनिट का इस्तेमाल किया गया है।
इतनी हो सकती है कीमत
पावरट्रेन की बात करें तो कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी जानकारी शेयर नहीं की है। हालांकि, कयास लगाए जा रहे हैं कि इस एडवेंचर बाइक में पल्सर N250 वाला 250cc एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन इस्तेमाल किया जा सकता है। यह पावरफुल इंजन 24.5bhp की पावर और 21.5Nm का टॉर्क जनरेट करता है। भारतीय मार्केट में बजाज की इस नई ट्रेकर ADV बाइक की शुरुआती कीमत लगभग 2 लाख रुपये के आसपास रखी जा सकती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.