बजाज ऑटो ने बीते महीने यानी अगस्त, 2026 में ताबड़तोड़ टू-व्हीलर और कमर्शियल गाड़ियों की बिक्री की है। इस दौरान सालाना आधार पर कंपनी की कुल बिक्री में सीधे 28 पर्सेंट की जबरदस्त तेजी देखी गई।
ओवरऑल बिक्री में भी तेजी
कंपनी की ओर से जारी रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, इस दौरान कंपनी की कुल बिक्री (टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल मिलाकर) बढ़कर 5,35,764 यूनिट्स तक पहुंच गई है। जबकि ठीक एक साल पहले यानी अगस्त, 2025 में यह आंकड़ा 4,17,616 यूनिट्स का था। यानी सालाना आधार पर बजाज ऑटो ने 28 पर्सेंट की मजबूत ग्रोथ दर्ज की है। इस दौरान कंपनी का प्रदर्शन घरेलू और इंटरनेशनल दोनों ही मोर्चों पर काफी शानदार रहा है।
टू-व्हीलर सेगमेंट का रहा जलवा
अगर सिर्फ टू-व्हीलर सेगमेंट की बात करें तो बजाज ने घरेलू मार्केट में बीते महीने 2,01,898 यूनिट्स की बिक्री की है। इस दौरान सालाना आधार पर बजाज की घरेलू टू-व्हीलर बिक्री में 10 पर्सेंट की तेजी देखी गई। जबकि पिछले साल इसी महीने 1,84,109 यूनिट्स थी। वहीं, विदेशी मार्केट्स में भी बजाज का डंका बजा है। बजाज ने इस दौरान कुल 2,41,850 यूनिट टू-व्हीलर का एक्सपोर्ट किया। इसमें सालाना आधार पर 53 पर्सेंट की भारी-भरकम तेजी दर्ज की गई है।
कमर्शियल व्हीकल्स में जबरदस्त उछाल
दूसरी ओर बजाज कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी सबको पीछे छोड़ रही है। बता दें कि अगस्त, 2026 में कंपनी के कुल कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री 22 पर्सेंट बढ़कर 92,016 यूनिट्स तक पहुंच गई। अगर घरेलू मार्केट की बात करें तो कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री 11 पर्सेंट बढ़कर 53,810 यूनिट्स रही। वहीं, एक्सपोर्ट की बात करें तो कंपनी ने भारी-भरकम 39 पर्सेंट बढ़ोतरी के साथ विदेशों में 38,206 कमर्शियल यूनिट्स भेजी हैं।
घरेलू और ग्लोबल मार्केट में दबदबा
कुल मिलाकर देखें तो अगस्त महीने में घरेलू मार्केट की कुल बिक्री 10 पर्सेंट की बढ़ोतरी के साथ 2,55,708 यूनिट्स पर पहुंच गई। जबकि पिछले साल 2,32,398 यूनिट्स थी। टू-व्हीलर्स से लेकर कमर्शियल व्हीकल्स तक, हर सेगमेंट में मिली इस ग्रोथ से साफ है कि घरेलू मांग के साथ-साथ ग्लोबल मार्केट में भी बजाज ऑटो की डिमांड में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है और कंपनी का दबदबा लगातार मजबूत हो रहा है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.