- Hindi News
- Happylife
- Ask Your Father These Questions… The Answers Will Tell You What’s In His Heart.
- कॉपी लिंक
एक्सपर्टस का कहना है- बच्चे पिता से जिम्मेदारी, परवरिश, चुनौतियों में संभलने का अनुभव ले सकते हैं। – प्रतीकात्मक फोटो
बचपन में हमारे पास पिता से पूछने के लिए ढेरों सवाल होते हैं… पर जैसे-जैसे हम बड़े होते हैं, संवाद कम होने लगता है। एक्सपर्ट मानते हैं कि वयस्क होने पर भी पिता से सवाल पूछना बंद नहीं होना चाहिए, ताकि बातें अनकही न रह जाएं। पिता व एक्सपर्ट के अनुभवों के आधार पर तैयार किए गए कुछ सवाल पिता-बच्चे के रिश्ते को जादुई नजरिया दे सकते हैं। जानिए पिता बच्चों से कैसे सवालों की अपेक्षा करते हैं…
1. जीवन के बड़े घाव, उनसे क्या सीखा?
पूर्व एनएफएल खिलाड़ी एंड्रयू ईस्ट कहते हैं कि पिता को अपनी विफलताएं भी साझा करनी चाहिए। इससे बच्चे सीखते हैं- जिंदगी तय योजना से न चले तो रुकना नहीं, बल्कि सीखकर आगे बढ़ना होगा। घाव इस बात का प्रमाण हैं कि समय सब चीजों को ठीक कर देता है।
2. मेरी उम्र में जिंदगी कैसी थी?
पिता 10 साल के बच्चे को बताते हैं कि उस उम्र में उन्होंने कैसे मुश्किलें झेलीं, तो वह बात बच्चे के जेहन में 40 की उम्र तक रहती है। मार्क पापाडास मानते हैं कि पिता के बचपन के संघर्षों को जानने से दृष्टिकोण बदल जाता है।
3. शादी के अच्छे-बुरे पहलू क्या रहे?
लेखक ब्रूस फीलर कहते हैं, ‘शादी की कहानियों में सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि दो परिवारों का तालमेल, समझौते व नए अध्याय की शुरुआत छिपी होती है। माता-पिता के पारिवारिक इतिहास की सच्ची और उतार-चढ़ाव भरी कहानियां बच्चों को जीवन की हकीकत से रूबरू करवाती हैं।’
4. मुझे अपना पसंदीदा काम सिखाएंगे?
विशेषज्ञ केविन मैगुइरे के मुताबिक, जब बच्चे पिता के किसी पुराने शौक (जैसे संगीत या कला) को सीखने की इच्छा जताते हैं, तो वे असल में पिता को ‘अभिभावक’ से अलग, एक स्वतंत्र और जीवंत इंसान के रूप में जानने की कोशिश कर रहे होते हैं। जिनकी बच्चों के जन्म से पहले अलग जिंदगी व शौक थे।
5. पहली बार पिता बनने पर कैसा लगा, अपनी परवरिश से क्या सीख देंगे?
लेखक चिप लेटन कहते हैं, बच्चों को लगता है कि पिता हमेशा से ऐसे ही परिपक्व थे। माता-पिता बनने से पहले उनके जीवन के बारे में ज्यादातर बच्चे कभी नहीं सोचते। पिता से यह पूछना अहम है कि उन्होंने किस तरह के पैरेंट्स बनना चाहा था। यह दिखाता है कि पालन-पोषण यूं ही नहीं होता, बल्कि सोच-समझकर किए गए चुनाव का नतीजा होता है।
6. मुझ पर ज्यादा गर्व कब होता है?
बच्चे अक्सर सोचते हैं कि अच्छे मार्क्स या ट्रॉफी लाने पर ही पिता को गर्व होता है। पापाडास कहते हैं कि पिता बच्चे की मेहनत और विपरीत परिस्थितियों में न हार मानने वाले ‘एटीट्यूड’ पर ज्यादा गर्व महसूस करते हैं।
7. क्या आप ठीक हैं… पापा?
यह सीधा पर बेहद ताकतवर सवाल है। पुरुष अक्सर मानसिक समस्याएं छिपा जाते हैं। बच्चों का यह पूछना कि ‘क्या आप ठीक हैं?’, पिता को बड़ा भावनात्मक संबल और सुकून देता है कि कोई उनकी परवाह कर रहा है। 8. मुझे आशीर्वाद में क्या कहना चाहेंगे?
लेखक टेरी रियल कहते हैं,‘यहां आशीर्वाद यानी कोई धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपने बच्चे के उज्ज्वल भविष्य के लिए पिता की इच्छा है। पिता के ये शब्द बच्चों को मुश्किलों से लड़ने की ताकत देते हैं।’
और एक सलाह… पिता को अचानक भारी सवालों से न चौंकाएं। कहें,‘मैं आपके करीब आना चाहता हूं।’ संभवत: शुरुआत में वे खुलकर न बोलें, इसलिए धैर्य रखें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
