भारत के लिए एशियाई खेलों की कैनो स्प्रिंट स्पर्धा में बृहस्पतिवार का दिन निराशाजनक रहा जहां चार स्पर्धाओं में चुनौती पेश करने वाले भारतीय खिलाड़ी पदक जीतने में नाकाम रहे। ‘मियोशी लेक कैनो कोर्स’ में पुरुषों की कैनो युगल 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में राजू रावत और फिलेम ज्ञानेश्वर सिंह एक मिनट 56.121 सेकंड के समय के साथ नौवें और अंतिम स्थान पर रहे। भारतीय जोड़ी स्वर्ण पदक जीतने वाली चीन की वू शेंगयुए और जी बोवेन की जोड़ी से 15.380 सेकंड पीछे रही।
उज्बेकिस्तान के आर्तुर गुलिएव और व्लादलेन डेनिसोव ने 1:42.878 के समय के साथ रजत, जबकि कजाकिस्तान के सर्गेई येमेल्यानोव और तिमोफेई येमेल्यानोव ने 1:44.972 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। पुरुषों की कयाक ‘फोर’ 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में भारत की नाओचा सिंह लैटोनजाम, वरिंदर सिंह, ओइनाम अरुण सिंह और हर्षवर्धन सिंह शक्तावत की चौकड़ी एक मिनट 28.982 सेकंड के समय के साथ सातवें स्थान पर रही। भारतीय टीम स्वर्ण पदक जीतने वाली दक्षिण कोरिया की टीम से 6.395 सेकंड पीछे रही।
चीन ने 1:22.842 के समय के साथ रजत और जापान ने 1:25.909 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। महिलाओं की कयाक युगल 500 मीटर स्पर्धा में सोनिया देवी फाइरेम्बम और पार्वती गीता फाइनल में जगह नहीं बना सकीं। दोनों अपनी सेमीफाइनल हीट में दो मिनट 01.020 सेकंड के समय के साथ आखिरी स्थान पर रहीं।
मेघा प्रदीप भी महिलाओं की कैनो एकल 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं। पांच खिलाड़ियों की सेमीफाइनल हीट में वह 51.093 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं। ईरान की हिवा अफजली ने सेमीफाइनल जीता।
केवल शीर्ष तीन खिलाड़ियों को फाइनल में जगह मिलनी थी। मेघा विजेता से 1.666 सेकंड पीछे रहीं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.