टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी उस समय सुर्खियों में आ गईं, जब खबर सामने आई कि उन्हें ट्रेन में RPF के एक जवान पर ब्लेड से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. हालांकि, अब एक्ट्रेस ने इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि FIR में जिस महिला का नाम है, वो कोई और हैं और उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. आइए पूरा मामला जानते हैं.
अंतरा बनर्जी ने क्या कहा?
अंतरा बनर्जी ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले पर सफाई दी और अपनी पहचान को लेकर चल रही गलतफहमी दूर की. उन्होंने बताया कि FIR से जुड़े मामले में उनकी तस्वीर और पहचान का गलत इस्तेमाल किया गया था. अंतरा ने इस गलती पर नाराजगी जाहिर करते हुए मीडिया हाउस और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से खबरों को ठीक करने की अपील की है.
FIR में किसी और का नाम
दरअसल, कुछ न्यूज पोर्टल, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खबर चली कि अंतरा बनर्जी ने ट्रेन में RPF के एक जवान पर ब्लेड से हमला किया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. इन खबरों के साथ टीवी एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी की तस्वीर भी इस्तेमाल की गई. हालांकि, FIR की जानकारी सामने आने के बाद पता चला कि शिकायत में जिस महिला का नाम है, वो ठाणे की मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी हैं. उनका टीवी एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी से कोई लेना-देना नहीं है. दोनों के नाम मिलते-जुलते होने की वजह से ये गलतफहमी हुई. इसके बाद कई जगह टीवी एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी की तस्वीर भी शेयर कर दी गई, जिससे उनके परिवार, दोस्तों और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच भी कन्फ्यूजन पैदा हो गया.

मेरी इमेज को नुकसान पहुंचा है…
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंतरा बनर्जी ने इस मामले पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि खबर पब्लिश करने से पहले FIR की जानकारी को ठीक से चेक किया जाता, तो ये गलती नहीं होती. उन्होंने कहा, ‘एक साधारण वेरिफिकेशन से ये साफ हो जाता कि मेरा इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. इसके बावजूद मेरी तस्वीर का इस्तेमाल किया गया और उसे कई प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया गया. इससे बेवजह भ्रम पैदा हुआ और मेरी इमेज को नुकसान पहुंचा.’
24 घंटे में आए 900 से ज्यादा कॉल और मैसेज
अंतरा ने ये भी कहा कि उन्हें अपनी पहचान और करियर को बनाने में कई साल लगे हैं. ऐसे में किसी ऐसे कानूनी मामले से उनका नाम जोड़ना, जिससे उनका कोई संबंध नहीं है, उनके लिए काफी परेशान करने वाला है. अंतरा ने बताया कि खबरें सामने आने के 24 घंटे के अंदर ही उन्हें 900 से ज्यादा कॉल, व्हाट्सएप मैसेज और सोशल मीडिया मैसेज मिले. इनमें उनके रिश्तेदारों, दोस्तों, इंडस्ट्री के लोगों, मीडिया से जुड़े लोगों और शुभचिंतकों ने उनसे इस मामले को लेकर सफाई मांगी.
ये भी पढ़ेंः ‘गदर 2’ से पहले 56 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबे थे सनी देओल, अब एक्टर बोले- ‘मैंने किसी से उधार…’
उन्होंने कहा, ‘इस पूरे मामले का असर सिर्फ मेरे पर ही नहीं, बल्कि मेरे परिवार पर भी पड़ा. मेरी पहचान को मैंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कई साल की मेहनत से बनाया है. ऐसे मामले से जुड़ना, जिससे मेरा कोई संबंध ही नहीं है, मेरे लिए बेहद दुखद है.’
मीडिया से की खबर सुधारने की अपील
अंतरा बनर्जी ने उन सभी मीडिया संस्थानों, वेबसाइट्स, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया पेजों से अपील की है, जिन्होंने इस मामले में उनकी तस्वीर या पहचान का इस्तेमाल किया है. उन्होंने कहा कि गलत तस्वीर को तुरंत हटाया जाए और खबर में सही जानकारी दी जाए. उन्होंने कहा, ‘मैं सभी पब्लिकेशन, पोर्टल, टीवी चैनल, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील करती हूं कि जहां भी मेरी तस्वीर या पहचान का गलत इस्तेमाल हुआ है, उसे ठीक किया जाए. जिम्मेदार पत्रकारिता की शुरुआत सही जानकारी की जांच से होती है.’
एक्ट्रेस ने बताया कि उनका मकसद मीडिया पर हमला करना नहीं है. वो सिर्फ ये बताना चाहती हैं कि किसी कानूनी मामले में किसी व्यक्ति की पहचान जोड़ने से पहले जानकारी की अच्छी तरह जांच करना जरूरी है.

‘आज मैं हूं, कल कोई और हो सकता है’
अंतरा ने कहा, ‘ये सिर्फ मेरे बारे में नहीं है. आज अंतरा बनर्जी है, कल कोई और हो सकता है. एक इमेज बनाने में सालों लगते हैं और उसे खराब होने में कुछ मिनट ही काफी होते हैं. एक दिन से भी कम समय में 900 से ज्यादा कॉल और मैसेज आना बताता है कि गलत जानकारी कितनी तेजी से फैल सकती है.’ उन्होंने उम्मीद जताई कि इस घटना के बाद मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स किसी भी कानूनी मामले से जुड़ी खबर प्रकाशित करने से पहले नाम, तस्वीर और बाकी जानकारी को अच्छी तरह जांचेंगे.

कौन हैं टीवी एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी?
अंतरा बनर्जी टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. उन्होंने कई पॉपुलर टीवी शोज में काम किया है. वो ‘बढ़ो बहू’, ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘दिव्य दृष्टि’, ‘लाल इश्क’, ‘गुमराह’ और ‘सावधान इंडिया’ जैसे शोज का हिस्सा रह चुकी हैं. इसके अलावा वो वेब सीरीज में भी काम कर चुकी हैं. अंतरा बनर्जी ‘चाप तिलक’ नाम के म्यूजिक वीडियो को लेकर भी चर्चा में रही हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘कुछ सितारे खाकी पहनकर जमीन पर चमकते हैं’, यूपी पुलिस के एंथम की बिग बी ने की तारीफ
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.