Anshula Kapoor- Rohan Thakkar Wedding Date: बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर बहुत जल्द अपने लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी के बंधन में बंधने वाली हैं। फैंस के लिए खुशखबरी है कि उनकी शादी की तारीख सामने आ चुकी है। यह कपल 6 जुलाई को एक-दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंधेंगे। इस बात की पुष्टि खुद अंशुला के पिता और फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने कर दी है। शादी की तारीख की खबर मिलते ही फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है और सभी 6 जुलाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, अर्जुन कपूर की बहन अंशुला कपूर की शादी एक निजी समारोह में होगी। पिता बोनी कपूर ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह शादी दो परिवारों का मेल होगा और इसे केवल एक ही दिन में किया जाएगा। बोनी कपूर ने साफ किया है कि यह एक काफी प्राइवेट सेरेमनी होने वाली है जिसमें परिवार और करीबी लोग ही शामिल होंगे।
शादी की रस्मों के बाद जश्न का सिलसिला जारी रहने वाला है। शादी संपन्न होने के बाद एक कॉकटेल पार्टी को भी रखा गया है। इस पार्टी में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई नामी हस्तियों के शामिल होने की पूरी उम्मीद है। मेहमानों के लिए ड्रेस कोड भी रखा गया है, जिसके तहत उन्हें मॉर्डन इंडियन ड्रेस पहनकर आने के लिए कहा गया है।
अंशुला की शादी की रस्मों की शुरुआत 21 जून को ही हो गई थी, जब रोहन के परिवार ने माता की चौकी का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में संजय कपूर, महीप कपूर, सुनीता कपूर, शनाया कपूर, जाह्नवी कपूर और खुशी कपूर समेत परिवार के कई सदस्य शामिल हुए थे। सोशल मीडिया पर इस समारोह की तस्वीरें और वीडियो खूब वायरल हुए थे।
भाई अर्जुन कपूर ने जाहिर की खुशी
अंशुला ने माता की चौकी के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था कि देवी के आशीर्वाद और प्यार के साथ शादी तक चलने वाले फंक्शन की शुरुआत हो गई है। वहीं, अर्जुन कपूर ने अपनी बहन के लिए प्यार भरा संदेश लिखा कि अंश, यह तो बस शुरुआत है। एक शाम ही बीती है और मुझे पता है कि समय कितनी तेजी से बीत जाएगा। मैं आप दोनों के लिए बहुत उत्साहित और खुश हूं और जश्न शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।