अमरावती, दो अगस्त आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एपीएसडीएमए) ने रविवार को कहा कि भद्राचलम में गोदावरी नदी का जलस्तर घटने लगा है और वहां से दूसरे स्तर की चेतावनी को वापस ले लिया गया है। हालांकि, दौलेश्वरम बैराज पर अब भी भारी मात्रा में बाढ़ का पानी प्रवाहित हो रहा है। प्राधिकरण के अनुसार, भद्राचलम में गोदावरी का जलस्तर 47.9 फुट, कुनावरम में 21.5 मीटर और पोलावरम में 13.3 मीटर दर्ज किया गया।
वहीं, दौलेश्वरम बैराज पर पानी का प्रवाह और निकास 14.6 लाख क्यूसेक दर्ज किया गया। दौलेश्वरम, पूर्वी गोदावरी जिले के राजमुंदरी के निकट स्थित है। एपीएसडीएमए के प्रबंध निदेशक प्रखर जैन ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘भद्राचलम में गोदावरी नदी में बाढ़ का प्रवाह कम हो रहा है और वहां से दूसरे स्तर की चेतावनी वापस ले ली गयी है।
हालांकि, दौलेश्वरम बैराज पर अब भी भारी मात्रा में बाढ़ का पानी बह रहा है।’’
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उफनते नालों और जलमग्न पुलियों को पार करने का प्रयास न करें तथा राहत एवं बचाव कार्य में लगे अधिकारियों का सहयोग करें। जैन ने लोगों को यह भी चेतावनी दी कि वर्तमान बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गोदावरी नदी में यात्रा, स्नान, तैराकी या मछली पकड़ने जैसी गतिविधियों से बचें, क्योंकि मौजूदा परिस्थितियों में ये गतिविधियां अत्यंत जोखिमपूर्ण हैं।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.