क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सऊदी अरब में बड़ा खिताब जीतने का इंतजार खत्म होता नही दिख रहा है। एशियाई चैंपियंस लीग टू के फाइनल मुकाबले में अल-नस्र को जापान के गाम्बा ओसाका के खिलाफ 1-0 से हार का सामना करना पड़ा हैं। इस हार के बाद रोनाल्डो और उनकी टीम के लिए यह सप्ताह काफी निराशाजनक साबित हुआ है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा लेकिन गाम्बा ओसाका ने अनुशासित खेल और मजबूत रक्षा के दम पर मुकाबला अपने नाम कर लिया हैं। जापानी क्लब के लिए तुर्की के फारवर्ड डेनिज हम्मत ने पहले हाफ में मैच का एकमात्र गोल दागा, जिसने आखिर तक टीम को जीत दिलाई।
गौरतलब है कि अल-नस्र ने पूरे मुकाबले में गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा और गोल करने के कई प्रयास भी किए, लेकिन टीम अपने मौकों को गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकी हैं। मैच के 30वें मिनट में डेनिज हम्मत ने पेनल्टी बॉक्स के बाहर से शानदार नीचा शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट के कोने में पहुंचा दिया था। शुरुआत में ऑफसाइड को लेकर वीडियो सहायक रेफरी से जांच हुई, लेकिन बाद में गोल को मान्य कर दिया गया।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी बराबरी का गोल करने की पूरी कोशिश की थी। पहले हाफ के अंत में जोआओ फेलिक्स के क्रॉस पर रोनाल्डो का हेडर गोलपोस्ट के बाहर चला गया। वहीं दूसरे हाफ में जोआओ फेलिक्स का तेज शॉट पोस्ट से टकरा गया, जिससे अल-नस्र की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा।
बताया जा रहा है कि मैच खत्म होने के बाद रोनाल्डो काफी निराश दिखाई दिए और उन्होंने उपविजेता पदक लेने से भी इनकार कर दिया हैं। यह हार इसलिए भी ज्यादा दर्दनाक मानी जा रही है क्योंकि कुछ दिन पहले ही सऊदी प्रो लीग में अल-नस्र जीत के बेहद करीब पहुंच गया था, लेकिन अंतिम समय में गोल खाकर टीम की बढ़त कमजोर पड़ गई थी।
डेनिज हम्मत, जिन्होंने विजयी गोल किया, मैच के बाद काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि टीम के लिए गोल करना उनके लिए गर्व की बात है और अब खिलाड़ी इस जीत का जश्न मनाना चाहते हैं। हालांकि चोट के कारण उन्हें हाफ टाइम के बाद मैदान छोड़ना पड़ा था।
बता दें कि दिसंबर 2022 में अल-नस्र से जुड़ने के बाद से रोनाल्डो अब तक क्लब के साथ कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय खिताब नहीं जीत सके हैं। हालांकि टीम के पास अभी भी सऊदी प्रो लीग जीतने का मौका बना हुआ हैं। अल-नस्र फिलहाल अल-हिलाल से दो अंक आगे चल रहा है और गुरुवार को दमाक के खिलाफ होने वाला मुकाबला खिताब का फैसला कर सकता हैं।
फुटबॉल जानकारों का मानना है कि अल-नस्र के पास स्टार खिलाड़ियों की कमी नहीं है, लेकिन बड़े मुकाबलों में टीम दबाव झेलने में संघर्ष करती दिखाई दी है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.