पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में हिंसा के बाद मारे गए टीएमसी कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने पहुंचे टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि बंगाल में पॉलिटिकल हिंसा रुकनी चाहिए. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता में कोई भी पार्टी हो गुंडागर्दी का कल्चर जारी है.
अधीर चौधरी ने कहा, ‘देखिए, बंगाल में उन्होंने जो कल्चर बनाया है, वे अब खुद उसी कल्चर के शिकार हो रहे हैं. जो गुंडागर्दी TMC पार्टी करती थी, वही अब BJP कर रही है. यह वही बात है. बंगाल में TMC के राज में हमने जो गुंडागर्दी देखी, वह खत्म नहीं हुई है, यह अभी भी जारी है. मैं कह रहा हूं कि यह सब बंद होना चाहिए.’
ममता बनर्जी ने क्या कहा?
ममता बनर्जी ने भी अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर नाराजगी जताई है. उन्होंने सीधे तौर पर इस हमले के लिए बीजेपी को निशाना बनाया है. साथ ही बीजेपी को हत्यारा करार दिया है. टीएमसी चीफ अभिषेक बनर्जी से मिलने के लिए अपोलो अस्पताल पहुंचीं. हालांकि बाद में उन्हें कोलकाता शिफ्ट किया गया, लेकिन चेकअप के बाद टीएमसी सांसद को डिस्चार्ज कर दिया गया.
ये भी पढ़ें- अभिषेक बनर्जी पर हमले से गरमाई सियासत, ममता बनर्जी बोलीं- शासक हत्यारे बन गए, BJP ने दिया जवाब
राहुल गांधी बोले- बीजेपी की बदले की राजनीति का घिनौना रूप
अभिषेक बनर्जी पर हुए अटैक पर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सोनारपुर में उन पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है. राहुल गांधी ने कहा कि एक सांसद पर हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर हमला नहीं. यह उस जनता पर है जिसने उन्हें चुना, और उस लोकतंत्र पर है जो हम सबकी साझी विरासत है.
नेता विपक्ष ने कहा कि यह BJP की बदले की राजनीति का घिनौना रूप है. राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं बन सकते. केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार – दोनों दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी जन-प्रतिनिधि, किसी भी दल का हो, अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित न रहे.
हिंसा प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे अभिषेक बनर्जी
टीएमसी महासचिव सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके काफिले और कार्यक्रम स्थल पर कथित तौर पर ईंट, पत्थर और अंडे फेंके गए. टीएमसी ने आरोप लगाया कि यह हमला बीजेपी समर्थकों द्वारा किया गया.
घटना के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उन पर जानलेवा हमला किया गया. उन्होंने कहा, ‘वे मुझे मारना चाहते थे. पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. हम इस मामले की जानकारी हाईकोर्ट और राज्यपाल को देंगे. मैं अदालत जाऊंगा और जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ूंगा.’
ये भी पढ़ें- अभिषेक बनर्जी से मिलने अस्पताल पहुंचीं ममता बनर्जी, BJP पर निकाला गुस्सा, कहा- शासक हत्यारे…
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.