विदेश में विराट कोहली को सचिन तेंदुलकर से बेस्ट टेस्ट बल्लेबाज बताने पर एबी डिविलियर्स को आलोचना का सामाना करना पड़ा। साउत अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज ने अब अपने कमेंट पर सफाई दी है।
‘मेरे कमेंट से थोड़ा कन्फ्यूजन हुआ’
डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर नए वीडियो में कहा, ”मेरे विराट और सचिन वाले कमेंट से थोड़ा कन्फ्यूजन हुआ। यह सिर्फ मेरी राय है। मैं किसी को खारिज नहीं कर रहा हूं। मैं आपको वैसे ही बता रहा हूं जैसा मैं इसे देखता हूं। सचिन भारत के लिए चीजों को आगे बढ़ाने वाले पहले खिलाड़ी थे, उन्होंने सभी युवाओं को दिखाया कि दुनिया भर में हर जगह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के लिए क्या करना पड़ता है। मैंने कहा कि विराट ने शॉर्ट बॉल के खिलाफ अच्छा खेलकर दिखाया कि भारतीय बैटिंग में एक अलग डायनामिक है। उन्होंने इसका मुकाबला करने का एक तरीका ढूंढा।”
सचिन-कोहली ने कितने रन बनाए?
डिविलियर्स के कमेंट के बाद सोशल मीडिया पर फैन वॉर शुरू हो गया था। भारत के पूर्व पेसर डोडा गणेश ने तो डिविलियर्स से यहां कह दिया कि भाई गांजा छोड़ दे। बता दें कि सचिन ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैचों में 15921 रन बनाए, जो सर्वाधिक हैं। वह 51 टेस्ट शतक लगाने वाले इकलौते प्लेयर हैं। सचिन ने विदेश में 8705 टेस्ट रन बनाए। वहीं, 37 वर्षीय कोहली ने 123 टेस्ट में 9230 रन बनाए, जिसमें 30 शतक हैं। उन्होंने भारत के बाहर 66 टेस्ट में 4774 रन बनाए। कोहली ने पिछले साल टेस्ट रिटायरमेंट लिया। वह भारत के लिए अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेलते हैं। डिविलियर्स ने इस बार सचिन से तुलना किए बिना कोहली की तारीफ की, खासकर 2014 में इंग्लैंड के खराब दौरे के बाद जिस तरह उन्होंने वापसी की।
‘उनका रिकॉर्ड सचिन जितना अच्छा…’
डिविलियर्स ने कहा, ”हम हमेशा आंकड़े देखकर कह सकते हैं कि विराट के आंकड़े विदेश में उतने अच्छे नहीं थे, खासकर इंग्लैंड की वजह से जहां उन्होंने वाकई संघर्ष किया। लेकिन मुझे अब भी लगता है कि वह कॉन्फिडेंट दिखे और उन्होंने विदेश में सफल होने के लिए जरूरी ऑलराउंड, बेहद संतुलित क्रिकेट खेला और अपने आसपास के कई युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने सचिन से जो सीखा, उसे आगे बढ़ाया। उनका रिकॉर्ड सचिन जितना अच्छा नहीं है, लेकिन हम हमेशा आंकड़े नहीं देखते, खासकर मैं तो नहीं। और यही मेरा मतलब था जब मैं नई पीढ़ी के क्रिकेटरों को दिखा रहा था कि आगे का रास्ता कैसा होना चाहिए। फिट रहना, मिसाल कायम करना, ऑलराउंड गेम खेलना।”
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.