हींग का इस्तेमाल हर घर में होता है, कभी दाल में तड़का लगाने के लिए तो कभी कढ़ी का स्वाद बढ़ाने के लिए। लेकिन क्या आप हींग के अनसुने स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं। चलिए बताते हैं हींग से मिलने वाले फायदों के बारे में।
हींग में कौन से तत्व पाए जाते हैं?
हींग में रेजिन, गोंद, एसेंशियल ऑयल, फेरूलिक एसिड, सल्फर युक्त यौगिक, कुमारिन्स, फ्लेवोनॉयड्स, एंटीऑक्सीडेंट्स, कैल्शियम, आयरन और फॉस्फोरस जैसे खनिज थोड़ी मात्रा में पाए जाते हैं। यही तत्व हींग की तेज महक का कारण होते हैं।
हींग के 7 फायदे क्या हैं?
डॉक्टर दीपक कुमार का कहना है कि हम हर दिन हींग खाते हैं लेकिन आजकल सस्ती-महंगी दोनों तरह की हींग आती हैं। अगर आप महंगी हींग लेते हैं, तो वह असली होगी और चुटकीभर डालने पर स्वाद-महक खूब मिलेगी। सस्ती हींग ज्यादा डालनी पड़ती है और उसका रिजल्ट वैसा नहीं मिलता। आप अच्छी हींग चुनिए और उसके फायदे यहां जान लीजिए-
1. पेट से जुड़ी सभी समस्याओं से मिलेगा छुटकारा
डॉक्टर का कहना है कि पेट सभी बीमारियों की जड़ होता है और कई बार पेट में ही दर्द, अपच, गैस, कब्ज जैसी समस्या होने लगती है। ऐसे में हींग काफी फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स पेट से जुड़ी समस्याओं को धीरे-धीरे खत्म कर देता है। अगर छोटे बच्चे के पेट में गैस बन रही है, तो नाभि के किनारे पानी में घोलकर हींग लगा दें इससे गैस में राहत मिलती है। अगर आप कोई भारी चीज जैसे उड़द दाल खाते हैं और उसमें हींग का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उससे गैस नहीं बनेगी।
2. मलेरिया में राहत
डॉक्टर का कहना है कि मलेरिया जैसे बुखार में तेज सर्दी तो कभी तेज गर्मी लगती है। बुखार भी बार-बार आता-जाता रहता है, उसमें आपको 2 ग्राम हींग और 2 ग्राम गुड़ लेना है और उसे गुनगुने पानी में घोलकर पीना है। इससे आपको मलेरिया के बुखार से राहत मिल सकती है।
3. पीरियड्स प्रॉब्लम में मिलेगी हेल्प
पीरियड्स के दौरान होने वाले तेज पेट दर्द और ऐंठन से भी हींग छुटकारा दिला सकती है। आर्युवेद के अनुसार, हींग दर्द में राहत देते हुए ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर करती है और साथ ही हार्मोन्स बैलेंस करती है। इससे पीरियड्स के दर्द में राहत भी मिलती है और फ्लो सही रहता है।
4. दांत के दर्द में भी फायदेमंद
हींग सिर्फ शरीर के ही नहीं बल्कि दांतों के लिए भी रामबाण मानी जाती है। आर्युवेद में सालों से दांतों के दर्द, कीड़े के लिए हींग का इस्तेमाल किया जा रहा है। हींग को लौंग के गुनगुने पानी में डालकर कुल्ला करें। इससे आपको दांतों के दर्द से राहत मिलेगी।
5. घबराहट और छाती में दर्द में राहत
डॉक्टर के मुताबिक, हींग में ऐसे तत्व होते हैं, जो घबराहट, एंग्जायटी से होने वाले सीने में दर्द या भारीपन से राहत दिलाते हैं। 1 चम्मच मावा में 2 चुटकी हींग मिलाकर चबाकर खाएं। अगर आपको एंग्जायटी होती है, तो आप इस तरह से हींग को खा सकते हैं।
6. ब्लड प्रेशर के लिए असरदार
हींग ब्लड प्रेशर की समस्या को कंट्रोल करने में भी मदद करता है। हींग शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को सुधारने के साथ ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखती है। इससे आपका बीपी हाई होने की समस्या काफी हद तक कम रहती है। हींग आपके कोलेस्ट्रॉल लेवल को भी कंट्रोल में रखती है।
7. इंफेक्शन को कर देती है खत्म
बरसात के मौसम में किसी कीड़े ने काट लिया या फिर किसी तरह का इंफेक्शन हो गया है, तो हींग आपको सही करने में मदद करेगा। अदरक के रस में हींग मिलाकर घोल लेना है और उसे कीड़े के काटने वाली जगह पर लगा दें। इससे इंफेक्शन कंट्रोल हो जाता है और खुजली या जलन भी नहीं होती।
असली-नकली हींग की पहचान कैसे करें?
पानी या फिर आग वाला टेस्ट करें- 1 गिलास पानी में हींग को डालकर घोलें। अगर पानी दूधिया रंग का हो जाता है, तो हींग असली है। अगर हींग नीचे मिट्टी की तरह जम गई है, तो वह नकली हो सकती है। इसके अलावा 1 चम्मच में हींग लें और उसे मोमबत्ती या गैस की लौ पर रखें। असली हींग आसानी से जल जाती है और नकली हींग को जलने में समय लगता है।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.