पुरुषों में लो स्पर्म काउंट की समस्या आजकल काफी कॉमन हो गई है। इसके पीछे छोटी-छोटी रोजमर्रा की आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं। फर्टिलिटी स्पेशलिस्ट डॉ सुनील जिंदल ने ऐसी ही 5 आदतों के बारे में बताया है, जो प्रजनन क्षमता पर खराब असर डाल सकती हैं।
स्पर्म को डैमेज करने वाली रोजमर्रा की 5 आदतें
गलती 1- बहुत ज्यादा गर्मी के संपर्क में रहना
स्पर्म प्रोडक्शन के लिए बाकी शरीर की तुलना में कम टेंपरेचर की जरूरत होती है। ऐसे में अगर लंबे समय तक बार-बार उस हिस्से को गर्मी के संपर्क में रखा जाए, तो स्पर्म के प्रोडक्शन और उसकी क्वालिटी दोनों प्रभावित हो सकते हैं। आजकल लोग गोद में लैपटॉप रखकर भी काम करने लगे हैं, जिससे निकलने वाली हीट स्पर्म को डैमेज करने का काम कर सकती है।
गलती 2- डेली स्मोकिंग की आदत
डॉ सुनील जिंदल कहते हैं कि स्मोकिंग यानी धूम्रपान स्पर्म के डीएनए (DNA) को सीधे तौर पर डैमेज कर सकता है। धुएं में मौजूद केमिकल्स ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को बढ़ा सकते हैं, जिससे स्पर्म की क्वालिटी प्रभावित हो सकती है। ऐसे में फैमिली प्लानिंग करते हुए स्मोकिंग छोड़ देना, सबसे जरूरी और समझदारी भरा स्टेप है।
गलती 3- पर्याप्त नींद ना लेना
फर्टिलिटी डॉक्टर कहते हैं कि पर्याप्त नींद ना लेना भी स्पर्म की क्वालिटी को प्रभावित करता है। जब आप सही नींद नहीं लेते हैं तो इसका असर हार्मोंस पर पड़ता है। इससे टेस्टोस्टेरॉन हार्मोन का लेवल कम हो सकता है, जो स्पर्म प्रोडक्शन के लिए सबसे जरूरी माना जाता है। इसलिए लंबे समय तक ठीक से नींद ना लेना आपकी फर्टिलिटी के लिए भी सही नहीं है।
गलती 4- ज्यादा चर्बी और मोटापा
अगर आपका वजन काफी ज्यादा है, तो इसका असर भी आपकी फर्टिलिटी पर पड़ सकता है। डॉ सुनील जिंदल बताते हैं कि अत्यधिक फैट टेस्टोस्टेरोन को एस्ट्रोजन में बदलने में मदद करता है। इस वजह से पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन का लेवल कम हो सकता है, जो स्पर्म बनने की प्रक्रिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
गलती 5- ज्यादा अल्कोहल का सेवन
डॉ सुनील कहते हैं कि ज्यादा अल्कोहल का सेवन भी पुरुषों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकता है। आप जब भी शराब का सेवन करते हैं, ये DNA को डैमेज करने का काम करता है। वहीं शराब का सेवन टेस्टोस्टेरोन लेवल को भी प्रभावित करता है, जिससे स्पर्म बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकता है।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.