दिवंगत बिजनेसमैन संजय कपूर की करोड़ों की संपत्ति को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. संजय कपूर की मां रानी कपूर की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने प्रिया कपूर सचदेव समेत 22 पक्षकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
संपत्ति को सुरक्षित रखना जरूरी है…
बताया जा रहा है कि रानी कपूर ने अपनी याचिका में मांग की है कि संजय कपूर की संपत्तियों, एस्टेट और दूसरी परिसंपत्तियों में किसी भी तरह के हस्तक्षेप पर रोक लगाई जाए. उनका कहना है कि जब तक पूरा मामला अदालत में लंबित है, तब तक संपत्ति को सुरक्षित रखा जाना बेहद जरूरी है. याचिका में आशंका भी जताई गई कि अगर समय रहते संपत्ति को संरक्षित नहीं किया गया, तो उसके बिखरने या गलत तरीके से इस्तेमाल होने का खतरा भी है.
कोर्ट ने 22 लोगों को दिया नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रिया कपूर सचदेव सहित 22 लोगों को नोटिस जारी किया है और उनसे जवाब मांगा है. हालांकि अदालत ने इस दौरान दोनों पक्षों को ये सलाह भी दी कि वे आपसी सहमति और मध्यस्थता के जरिए विवाद को सुलझाने की कोशिश करें. रानी कपूर ने अपनी याचिका में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेशों को भी चुनौती दी है. उनका कहना है कि अब तक हाईकोर्ट की तरफ से संपत्ति और एस्टेट को सुरक्षित रखने के लिए कोई ठोस आदेश जारी नहीं किया गया है. इसी वजह से उन्हें सुप्रीम कोर्ट का रुख करना पड़ा.
30 हजार करोड़ की संपत्ति छोड़ गए संजय कपूर
बता दें कि ये पूरा विवाद संजय कपूर के निधन के बाद शुरू हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय कपूर अपने पीछे करीब 30 हजार करोड़ रुपये की बड़ी संपत्ति छोड़ गए हैं. इसी संपत्ति और वसीयत को लेकर बहन मंधिरा कपूर का दावा है कि वसीयत में कई गड़बड़ियां हैं और इसमें परिवार के कुछ सदस्यों, खासकर करिश्मा कपूर और उनके बच्चों के अधिकारों को नजरअंदाज किया गया है. वहीं दूसरी तरफ प्रिया कपूर सचदेव की ओर से कहा गया कि वो कानूनी प्रक्रिया के तहत काम कर रही हैं और उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं.
2003 में करिश्मा कपूर से हुई थी शादी
इस पूरे विवाद ने इसलिए भी ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, क्योंकि संजय कपूर का नाम बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर से भी जुड़ा रहा है. संजय कपूर ने साल 2003 में करिश्मा कपूर से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे हैं. हालांकि बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद संजय कपूर ने प्रिया सचदेव से शादी की थी.
ये भी पढ़ें: बॉबी देओल की ‘बंदर’ के रिलीज डेट का ऐलान, इंटेस अवतार में सिनेमाघरों में मचाएंगे गदर
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.