Love Relationship Tips: प्यार में थोड़ा समझौता करना नॉर्मल है, लेकिन अगर रिश्ता निभाते-निभाते आप अपनी पसंद, जरूरतें और दोस्तों से दूर होने लगें, तो यह सोचने वाली बात है। थेरेपिस्ट ने ऐसे 3 संकेत बताए हैं।
प्यार में होना एक बहुत खूबसूरत एहसास है। किसी के साथ अपनी बातें शेयर करना, एक-दूसरे का साथ देना और जरूरत पड़ने पर समझौता करना रिलेशनशिप का पार्ट है। लेकिन क्या प्यार के नाम पर आप धीरे-धीरे खुद को पीछे छोड़ रहे हैं?
कई बार हमें इसका पता भी नहीं चलता। शुरुआत में छोटी-छोटी चीजों में पार्टनर की पसंद को पहले रखना नॉर्मल लगता है। फिर धीरे-धीरे ऐसा होने लगता है कि क्या खाना है, कहां जाना है, क्या पहनना है या कोई फैसला कैसे लेना है- हर चीज में हम सामने वाले की पसंद देखने लगते हैं। रिश्ता तब परेशानी वाला हो सकता है, जब पार्टनर को खुश रखने के लिए अपनी खुशी, दोस्तों, पसंद और सपनों को लगातार पीछे करने लगें। थेरेपिस्ट जेफरी मेल्टजर ने ऐसे ही 3 साइन बताए हैं।
1. अब खुद को पार्टनर की नजर से देखने लगे हैं
पहले आप जानते थे कि आपको क्या पसंद है, किस बात से खुशी मिलती है और किन चीजों से आप सहमत नहीं हैं। लेकिन अब कोई भी फैसला लेने से पहले आपके दिमाग में यही चलता है कि आपका पार्टनर इसके बारे में क्या सोचेगा। एक रिश्ते में पार्टनर की राय जरूरी हो सकती है, लेकिन आपकी अपनी राय की भी उतनी ही अहमियत होनी चाहिए।
2. मन में ‘ना’ होता है, फिर भी ‘हां’ कह देते हैं
- क्या आप कई बार ऐसा काम करने के लिए भी तैयार हो जाते हैं, जिसे आप असल में नहीं करना चाहते? सिर्फ इसलिए कि सामने वाला नाराज ना हो जाए या दोनों के बीच बहस ना हो?
- रिश्ते में कभी-कभी पार्टनर की खुशी के लिए अपनी पसंद से थोड़ा समझौता करना ठीक है। लेकिन हर बार अपनी इच्छा को दबाकर हां कहना सही नहीं है। सिर्फ रिश्ते को बचाए रखने के डर से हर बात मानते रहना आपको धीरे-धीरे अपनी ही जरूरतों से दूर कर सकता है।
3. रिश्ता ही आपकी पूरी दुनिया बन गया है
पार्टनर से प्यार करना और उससे इमोशनल सपोर्ट लेना बिल्कुल नॉर्मल है। परेशानी तब शुरू होती है जब आपकी खुशी, सुकून और सेफ्टी का एकमात्र जरिया वही रिश्ता बन जाए। अगर आप दोस्तों से मिलना कम कर दें, परिवार या दूसरी जरूरी रिश्तों से दूरी बनाने लगें या अपने पुराने शौक छोड़ दें, तो इस पर ध्यान देना जरूरी है।
प्यार में खुद को भूलना जरूरी नहीं
- एक अच्छा रिश्ता वह नहीं है जिसमें आपको अपनी पूरी जिंदगी बदलनी पड़े। हेल्दी रिलेशन में दो लोग एक-दूसरे के करीब आते हैं, लेकिन अपनी अलग पहचान भी बनाए रखते हैं।
- आपके अपने दोस्त, पसंद, सपने और जिंदगी भी उतनी ही जरूरी हैं। पार्टनर के साथ समय बिताना अच्छा है, लेकिन खुद के लिए समय निकालना भी जरूरी है।
- अगर आपको इनमें से कुछ बातें अपने रिश्ते से जुड़ी लग रही हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसे खुद को समझने का मौका मानें। अपनी पसंद और जरूरतों पर ध्यान दें और पार्टनर से खुलकर बात करें।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.