कावासाकी इंडिया ने 2027 Versys 650 को भारत में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 8.63 लाख रुपये रखी गई है। कावासाकी वर्सिस 650 में पहले की तरह 649cc, लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है।
नया कैंडी लाइम ग्रीन कलर
2027 कावासाकी वर्सिस 650 को सिर्फ नए कैंडी लाइम ग्रीन पेंट स्कीम में लाया गया है, जो पुराने MY26 मॉडल में मिलने वाले कलर की जगह लेगा। नया शेड कावासाकी की पहचान वाले ग्रीन थीम को बरकरार रखता है। इसके अलावा बाइक के डिजाइन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बाइक के इंजन, चेसिस, इलेक्ट्रॉनिक्स और फीचर्स में भी कोई अपडेट नहीं किया गया है। यह अपडेट स्पेशली उन ग्राहकों के लिए है जो नया मॉडल ईयर और नया कलर चाहते हैं।
इंजन और हार्डवेयर
कावासाकी वर्सिस 650 में पहले की तरह 649cc, लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन मिलता है। यह इंजन 8,500rpm पर 67hp की पावर और 7,000rpm पर 61Nm का पीक टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स और असिस्ट-एंड-स्लिपर क्लच से जोड़ा गया है। बाइक में ट्यूबलर डायमंड फ्रेम दिया गया है। सस्पेंशन सेटअप में आगे 41mm टेलिस्कोपिक फोर्क मिलता है, जिसमें 150mm ट्रैवल है। पीछे मोनोशॉक यूनिट दी गई है, जिसमें 145mm ट्रैवल और रिमोट प्रीलोड एडजस्टर मिलता है। यह फीचर खासतौर पर सामान या पिलियन के साथ लंबी दूरी की यात्रा के दौरान उपयोगी है।
फीचर्स और टूरिंग कैपेसिटी
वर्सिस 650 में एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, फुल-LED लाइटिंग, ट्रैक्शन कंट्रोल और स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ 4.3-इंच TFT कलर डिस्प्ले मिलता है। बाइक में 21-लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक दिया गया है, जो इसे लंबी दूरी की राइडिंग के लिए बेहतर बनाता है। फुल टैंक के साथ इसका वजन 220kg है, जबकि सीट की ऊंचाई 845mm है। कम कद वाले राइडर्स के लिए सीट थोड़ी ऊंची लग सकती है। वहीं, 170mm का ग्राउंड क्लीयरेंस खराब सड़कों, स्पीड ब्रेकर और टूटे-फूटे रास्तों पर मदद करता है।
होंडा NX500 से मुकाबला
भारत में कावासाकी वर्सिस 650 का मुकाबला मिडिलवेट टूरिंग सेगमेंट में होंडा NX500 से होता है। होंडा NX500 की कीमत 7.44 लाख रुपये है। हालांकि, NX500 में कम पावर वाला इंजन है और इसका फोकस ज्यादा एडवेंचर-ओरिएंटेड है। दूसरी ओर, Versys 650 ज्यादा पावर और टूरिंग कैपेबिलिटी के साथ आती है।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.