दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग, IPL में हर साल नए रिकॉर्ड बनते और टूटते रहे हैं. यह सबको पता है कि सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप मिलती है, लेकिन इसे सबसे ज्यादा बार जीतने वाला खिलाड़ी कोई भारतीय नहीं है. किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 2016 में 973 रन बना डाले थे. यहां जान लीजिए अब तक सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने वाला खिलाड़ी कौन है, वहीं विराट कोहली और रोहित शर्मा ने कितनी बार ऐसा किया है?
किसके नाम सबसे ज्यादा ऑरेंज कैप?
IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने का रिकॉर्ड डेविड वॉर्नर के नाम है, जिन्होंने तीन बार यह उपलब्धि हासिल की है. वॉर्नर ने 2015, 2017 और 2019 में ऑरेंज कैप जीती थी. उन्होंने तीनों बार सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह कारनामा किया था. वॉर्नर 3 बार ऑरेंज कैप जीतने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी हैं.
• 2015 – डेविड वॉर्नर – 562 रन
• 2017 – डेविड वॉर्नर – 641 रन
• 2019 – डेविड वॉर्नर – 692 रन
विराट-रोहित ने कितनी बार जीती ऑरेंज कैप?
इंडियन प्रीमियर लीग में विराट कोहली ने 2 बार ऑरेंज कैप जीती है. उन्होंने 2016 में 973 रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी, जो आज भी किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन हैं. उसके बाद 2024 में विराट एक बार फिर सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. उन्होंने दोनों बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के लिए खेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की है.
रोहित शर्मा अपने IPL करियर में कभी ऑरेंज कैप नहीं जीत सके हैं. रोहित द्वारा बनाए गए किसी एक सीजन में सबसे ज्यादा रन 538 हैं, जो उन्होंने 2013 सीजन में बनाए थे. रोहित अपने आईपीएल करियर में अब तक 272 मैचों में 7046 रन बना चुके हैं. वो सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में सिर्फ विराट कोहली से पीछे हैं, जिनके नाम 8661 रन हैं.
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.