चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को 47 गेंद शेष रहते आठ विकेट से बड़ी जीत दिलाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनकी योजना पावरप्ले में ही मैच का रुख तय करने की थी।
महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले सूर्यवंशी ने 17 गेंदों की पारी में 52 रन बनाए, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने 128 रन के लक्ष्य को 12.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाले सूर्यवंशी ने मैच के बाद प्रसारकों से कहा, ‘‘हमारी योजना पावरप्ले में बड़ा स्कोर खड़ा करने की थी।
शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई। कोचों ने मुझ पर भरोसा जताया है और कहा है कि अपने खेल पर कायम रहूं।’’
उन्होंने साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि इस भारतीय बल्लेबाज के मार्गदर्शन से उन्हें फायदा हुआ।
पंद्रह वर्षीय सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘वह मुझे बड़े शॉट खेलने के लिए प्रेरित करते हैं और कहते हैं कि गेंद अच्छे से बल्ले पर आ रही है और उसी तरह खेलते रहो।’’
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने भी सूर्यवंशी की तारीफ की।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उसे कहता हूं कि पूरे 14 मैच खेले और बाहरी बातों से प्रभावित न हो। हमने नेट्स में उसका खेल देखा है और वह शानदार है। टीम संयोजन में बाएं-दाएं हाथ के बल्लेबाजों का संतुलन जरूरी है।’’
पराग ने टॉस को निर्णायक बताते हुए कहा कि गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बेहतरीन इस्तेमाल किया।
पराग ने कहा, ‘‘टॉस जीतना हमारे लिए थोड़ा भाग्यशाली रहा। बारिश के कारण लाल मिट्टी की पिच गेंदबाजों के लिए मददगार थी और उन्होंने योजनाओं को अच्छी तरह अमल में लाया। कप्तानी के लिए काफी तैयारी की है और हमारा लक्ष्य खिताब जीतना है। हम स्मार्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और परिस्थितियों के अनुसार ढलना चाहते हैं, जो आज हमने किया।’’
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने शानदार गेंदबाजी के दम पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार हासिल करने के बाद कहा कि टीम को जीत दिलाने में योगदान देना और टूर्नामेंट की सकारात्मक शुरुआत करना बेहद संतोषजनक है।
बर्गर ने कहा, ‘‘जीत में योगदान देना अच्छा लगता है और टीम को अच्छी शुरुआत दिलाकर खुशी हो रही है। टॉस जीतना अहम रहा। पिछले मैचों में बड़े स्कोर देखने के बाद हमने उसी के अनुसार योजना बनाई थी, लेकिन यहां उसे लागू करना अच्छा रहा।’’
चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने हार के बाद कहा कि शुरुआती परिस्थितियां बल्लेबाजी के लिए चुनौतीपूर्ण थीं।
गायकवाड़ ने कहा, ‘‘शुरुआत में परिस्थितियां मुश्किल थीं, खासकर जोफ्रा आर्चर के खिलाफ। मध्यम गति के गेंदबाजों और स्पिनरों को भी मदद मिल रही थी। शायद हम और लंबी बल्लेबाजी कर सकते थे, लेकिन आजकल अच्छा स्कोर क्या है, यह तय करना मुश्किल है, इसलिए हमें रन बनाते रहना था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस हार को पीछे छोड़ना होगा। तीन दिन में अगला मैच है। टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं, शुरुआत में थोड़ा दबाव था, लेकिन एक मैच खेलना जरूरी था।
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.