देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षाओं में से एक, यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम सामने आ चुका है. हर साल लाखों युवाओं का सपना होता है कि वे इस परीक्षा को पास कर देश की प्रशासनिक सेवा में जगह बनाएं. इस बार यह सपना सबसे पहले साकार किया है अनुज अग्निहोत्री ने, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है.
नतीजे आने के बाद देशभर के छात्रों और अभ्यर्थियों की नजर सिर्फ टॉपर्स पर ही नहीं, बल्कि उन अंकों पर भी है जिनके सहारे इस परीक्षा के अलग-अलग चरणों को पार किया जाता है. इसी के साथ संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी ने परीक्षा के तीनों चरणों की कट-ऑफ भी जारी कर दी है.
अनुज अग्निहोत्री बने देश के नंबर-1
यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने कुल 1071 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया. मेन्स परीक्षा में उन्होंने 1750 में से 867 अंक प्राप्त किए, जबकि इंटरव्यू यानी पर्सनैलिटी टेस्ट में उन्हें 275 में से 204 अंक मिले. दोनों चरणों के अंकों को मिलाकर वे पूरे देश में पहले स्थान पर पहुंचे.
दूसरे और तीसरे स्थान पर कौन
इस साल परीक्षा में दूसरा स्थान राजेश्वरी सुवे एम के ने हासिल किया है. उन्हें कुल 1067 अंक मिले. उनके मेन्स में 865 अंक और इंटरव्यू में 202 अंक आए. वहीं तीसरे स्थान पर अकांक्ष ढुल रहे. उन्होंने कुल 1057 अंक प्राप्त किए. मेन्स में उनके 864 अंक और इंटरव्यू में 193 अंक दर्ज किए गए.
प्रीलिम्स परीक्षा की कट-ऑफ
यूपीएससी ने इस परीक्षा के पहले चरण यानी प्रीलिम्स की कट-ऑफ भी जारी की है. सामान्य वर्ग के लिए प्रीलिम्स की कट-ऑफ 92.66 अंक रही. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग यानी EWS के लिए यह 89.34 अंक तय की गई. अन्य पिछड़ा वर्ग यानी OBC के लिए कट-ऑफ 92 अंक, अनुसूचित जाति यानी SC के लिए 84 अंक और अनुसूचित जनजाति यानी ST के लिए 82.66 अंक रही. इसके अलावा दिव्यांग वर्ग यानी PwBD के उम्मीदवारों के लिए कट-ऑफ 76.66 से 40.66 अंक के बीच रही.
यह भी पढ़ें- विवादित चैप्टर पर NCERT की सार्वजनिक माफी, सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद पूरी किताब वापस सख्ती के बाद पूरी किताब वापस
प्रीलिम्स में एक जरूरी नियम
आयोग ने यह भी साफ किया है कि प्रीलिम्स की कट-ऑफ केवल GS पेपर-1 के अंकों के आधार पर तय होती है. दूसरा पेपर यानी CSAT केवल क्वालिफाइंग होता है. इसमें पास होने के लिए उम्मीदवारों को कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने जरूरी होते हैं.
मेन्स परीक्षा की कट-ऑफ
प्रीलिम्स पास करने के बाद उम्मीदवारों को मेन्स परीक्षा देनी होती है. इसके बाद ही इंटरव्यू के लिए चयन होता है. इस साल मेन्स से इंटरव्यू तक पहुंचने के लिए सामान्य वर्ग के लिए कट-ऑफ 739 अंक रही. EWS के लिए यह 706 अंक, OBC के लिए 717 अंक, SC के लिए 700 अंक और ST के लिए 694 अंक तय की गई.
अंतिम चयन के लिए कितने अंक जरूरी
यूपीएससी की अंतिम मेरिट सूची मेन्स परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों को जोड़कर तैयार होती है. इस साल सामान्य वर्ग के लिए अंतिम कट-ऑफ 963 अंक रही. EWS वर्ग के लिए यह 926 अंक, OBC के लिए 931 अंक, SC के लिए 905 अंक और ST वर्ग के लिए 902 अंक तय की गई.
कुल कितने उम्मीदवार हुए चयनित
यूपीएससी ने इस परीक्षा के जरिए कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं के लिए चुना है. इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और अन्य केंद्रीय सेवाएं शामिल हैं. यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम 6 मार्च को घोषित किया गया था.
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.