केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार की “बंडी… जगमोंडी” पदयात्रा के दौरान शनिवार (14 मार्च, 2026) को एक अप्रत्याशित और रोमांचक घटना घट गई, जब एक ड्रोन गलती से पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते से टकरा गया और मधुमक्खियों ने कार्यकर्ताओं पर हमला बोल दिया. हालांकि, इस हादसे के बावजूद बंडी संजय का हौसला जरा भी नहीं टूटा और उन्होंने थोड़ी देर बाद पदयात्रा फिर से जारी रख दी.
घटना रामडुगु मंडल के कोनरावुपेट के पास उस वक्त हुई जब पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़ और कार्यकर्ताओं के जोश को कैमरे में कैद करने के लिए एक ड्रोन उड़ाया जा रहा था. ड्रोन अनजाने में पेड़ पर बने मधुमक्खियों के बड़े छत्ते से जा टकराया. इसके बाद हजारों मधुमक्खियां एकाएक बाहर निकल आईं और पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर टूट पड़ीं. देखते ही देखते यात्रा में अफरा-तफरी मच गई और कई कार्यकर्ता मधुमक्खियों के डंक से घायल हो गए.
कुछ देर के लिए थमी पदयात्रा, पर फिर उठ खड़े हुए नेता
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बंडी संजय तुरंत सतर्क हो गए. घायल कार्यकर्ताओं को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने उनका उपचार किया. साथ ही डॉक्टरों ने केंद्रीय मंत्री का भी नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया. इस दौरान बंडी संजय कुछ देर के लिए एक पेड़ की छांव में आराम करने बैठे. भीषण गर्मी और इस अप्रत्याशित हादसे के बाद भी उनके चेहरे पर थकान की कोई लकीर नहीं दिखी.
केंद्रीय मंत्री की पदयात्रा में भारी संख्या में लोग मौजूद
कुछ ही मिनटों के विश्राम के बाद बंडी संजय ने दोबारा पदयात्रा शुरू कर दी और कार्यकर्ताओं में फिर से जोश भर दिया. रामडुगु मंडल में बड़ी संख्या में लोगों के उमड़ने के कारण पदयात्रा की गति कुछ धीमी जरूर हुई, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं आई. केंद्रीय मंत्री अब तक करीब 15 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर चुके हैं. अगला पड़ाव गंगाधर मंडल मुख्यालय है, जहां दोपहर के भोजन करने के बाद यात्रा फिर आगे बढ़ी. बंडी संजय ने शाम 6:30 बजे तक कोंडागट्टू पहुंचने का संकल्प लिया और तेज धूप के साथ हर बाधा को पार करते हुए वे अपने लक्ष्य की ओर डटे थे.
यह भी पढ़ेंः बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर बड़ा अटैक, हेलीपैड पर गिरी मिसाइल, धुआं-धुआं हुआ आसमान
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.