Last Updated:
Turning Points: दक्षिण अफ्रीका ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत के विजय रथ को रोकते हुए मेजबान टीम इंडिया को 76 रनों से शिकस्त दी. इस मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट केशव महाराज का भारतीय पारी का 15वां ओवर रहा, जिसने भारतीय खेमे में तबाही मचा दी. महाराज ने एक ही ओवर में हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को पवेलियन भेजकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी. जहां भारतीय गेंदबाज असहाय दिखे, वहीं बल्लेबाजों ने भी इस निर्णायक मोड़ पर घुटने टेक दिए.
केशव महाराज के 6 बॉल पर 3 विकेट ने दक्षिण अफ्रीका को दिलाई जीत.
टी20 वर्ल्ड कप सुपर 8 मुकाबले का वो मंजर कोई भारतीय प्रशंसक याद नहीं रखना चाहेगा, जहां दक्षिण अफ्रीका के ‘स्पिन जादूगर’ केशव महाराज (Keshav Maharaj) ने अपनी जादुई फिरकी से भारतीय बल्लेबाजी की नींव हिला दी. भारतीय पारी का 15वां ओवर किसी भयावह त्रासदी से कम नहीं था, जिसने देखते ही देखते मैच का रुख दक्षिण अफ्रीका की तरफ मोड़ दिया. महाराज के इस ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक पंड्या ने हवाई प्रहार करने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री पर खड़े ट्रिस्टन स्टब्स ने चतुराई से गेंद लपकी और स्पाइडर कैम की बाधा के बावजूद अपना संतुलन बनाए रखा. पंड्या (18) के जाते ही सन्नाटा पसर गया. अगली ही गेंद पर रिंकू सिंह क्रीज पर आए, लेकिन तीसरी गेंद पर वे भी स्टब्स के ही हाथों लपके गए. महाराज की धीमी और छोटी गेंद ने रिंकू का शिकार किया.
केशव महाराज के 6 बॉल पर 3 विकेट ने दक्षिण अफ्रीका को दिलाई जीत.
स्टब्स ने बाउंड्री पर चीते जैसी फुर्ती दिखाई
अभी भारतीय टीम इस सदमे से उबरी भी नहीं थी कि ओवर की आखिरी गेंद पर अर्शदीप सिंह ने भी घुटने टेक दिए. स्टब्स ने एक बार फिर बाउंड्री पर चीते जैसी फुर्ती दिखाते हुए गेंद को हवा में उछाला, बाउंड्री रोप से बाहर गए और फिर अंदर आकर कैच पूरा किया. एक ही ओवर में तीन विकेट झटक कर केशव महाराज ने न केवल भारत को 88-8 के स्कोर पर धकेल दिया, बल्कि 76 रनों की शर्मनाक हार की पटकथा भी लिख दी.
मिलर ने जड़ा तूफानी अर्धशतक
डेविड मिलर के तूफानी अर्धशतक के बाद मार्को यानसेन की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने एकतरफा मैच में भारत को 76 रन से रौंदकर मौजूदा वर्ल्ड कप में उसके अजेय क्रम पर रोक लगा दी. भारत ने 2024 में वेस्टइंडीज और अमेरिका में हुए पिछले टी20 विश्व कप में एक भी मैच नहीं गंवाते हुए खिताब जीता था जबकि मौजूदा टूर्नामेंट में उसकी यह पहली हार है. यह रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार भी है.
भारतीय पारी 18.5 ओवर में 111 रन पर ढेर हो गई
दक्षिण अफ्रीका के 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत तेज गेंदबाज मार्को यानसेन (22/4), केशव महाराज (24/3) और कोर्बिन बॉश (12 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.5 ओवर में 111 रन पर सिमट गया. मेजबान टीम की ओर से सिर्फ शिवम दुबे (42 रन, 37 गेंद, तीन छक्के, एक चौके) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए. मिलर ने 35 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 63 रन की पारी खेलने के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन, 29 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 51 गेंद में 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका ने 20 रन पर तीन विकेट गंवाने के बावजूद सात विकेट पर 187 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. ट्रिस्टन स्टब्स ने भी 24 गेंद में तीन छक्कों और एक चौके से नाबाद 44 रन की पारी खेली.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.