Cab Safety Tips for Women: दिल्ली के रोहिणी में एक महिला से उबर बाइक राइडर ने दिनदहाड़े छेड़खानी और गालीगलौच की. इस घटना के बाद ऑनलाइन बाइक और कैब की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. सभी महिलाओं को सुरक्षित तरीके से सफर करने के लिए बाइक या कैब बुक करते वक्त ड्राइवर की रेटिंग जांचनी चाहिए और फैमिली के साथ लाइव लोकेशन शेयर करनी चाहिए. अगर ड्राइवर की हरकतें संदिग्ध लगें, तो भीड़भाड़ वाले इलाके में उतरकर पुलिस को कॉल करनी चाहिए.
महिलाएं कैब बुक करने के बाद ड्राइवर की रेटिंग जरूर चेक करें.
बाइक या कैब बुक करते वक्त इन 5 बातों का रखें ध्यान
राइड प्रोफाइल और रेटिंग की जांच करें : कैब या बाइक बुक होते ही सबसे पहले ड्राइवर की रेटिंग और उसके द्वारा पूरी की गई राइड्स की संख्या देखें. अगर ड्राइवर की रेटिंग कम है या उसके खिलाफ पहले कोई शिकायत दर्ज है, तो बिना झिझक राइड कैंसिल कर दें. इसके अलावा ऐप पर ड्राइवर की फोटो और गाड़ी के नंबर का मिलान जरूर करें. अगर फोटो और सामने खड़ा व्यक्ति अलग दिख रहे हों, तो कभी भी उस वाहन पर न बैठें और तुरंत ऐप पर इसकी शिकायत करें.
फैमिली के साथ लाइव लोकेशन शेयर करें : सफर शुरू करने से पहले अपनी लाइव लोकेशन और कैब/बाइक नंबर से जुड़ी जानकारी अपने परिवार के किसी सदस्य या भरोसेमंद दोस्त के साथ व्हाट्सएप के जरिए शेयर करें. उन्हें बता दें कि आप कितनी देर में घर पहुंचेंगी. जब अपराधी को यह पता होता है कि यात्री की लोकेशन पर किसी और की नजर है, तो वह गलत कदम उठाने से हिचकिचाता है. अपनी सुरक्षा के लिए सफर के दौरान फोन से बात करके अपना अपडेट भी दे सकती हैं.
अपने रूट पर खुद नजर रखें : अक्सर ड्राइवर शॉर्टकट या कम ट्रैफिक वाले रास्ते का बहाना बनाकर सुनसान रास्तों पर गाड़ी ले जाते हैं. हमेशा अपने फोन पर गूगल मैप्स खोलकर रखें और देखें कि ड्राइवर सही रास्ते पर ले जा रहा है या नहीं. अगर ड्राइवर ऐप द्वारा सुझाए गए रास्ते से अलग हटने की कोशिश करे, तो तुरंत विरोध करें और उसे मेन रूट पर ही रहने के लिए कहें. किसी भी संदिग्ध मोड़ पर तुरंत शोर मचाएं या गाड़ी रुकवाएं.
ऐप के सेफ्टी बटन का यूज करें : अधिकतर कैब और बाइक बुकिंग ऐप में एक SOS या इमरजेंसी बटन होता है. सफर शुरू करने से पहले सुनिश्चित करें कि आपको पता है कि वह बटन कहां है. इसके अलावा अपने फोन के पावर बटन को इमरजेंसी कॉल जैसे – 112 के लिए कॉन्फिगर करके रखें. ऐसी घटनाओं में समय बहुत कम होता है, इसलिए सुरक्षा फीचर्स का तुरंत इस्तेमाल करना ही बचाव का सबसे बड़ा हथियार है.
सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाली जगह पर उतरें : अगर आपको लग रहा है कि राइडर का व्यवहार ठीक नहीं है या वह गलत तरीके से गाड़ी चला रहा है, तो अपनी मंजिल आने का इंतजार न करें. किसी भी भीड़भाड़ वाले इलाके, पेट्रोल पंप या पुलिस चौकी के पास तुरंत गाड़ी रुकवाएं और उतर जाएं. बाइक राइड के दौरान चालक से उचित दूरी बनाए रखें और अगर वह जानबूझकर शरीर को छूने या गलत हरकत करने की कोशिश करे, तो तुरंत विरोध दर्ज कराएं और आसपास के लोगों की मदद लें. इसके अलावा जल्द से जल्द पुलिस को कॉल करें.
About the Author

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.