आपको खाना छोड़ने या घूमना कम करने की जरूरत नहीं-बस कुछ स्मार्ट फैसले लेने होंगे. सही खानपान, साफ पानी, हल्की एक्टिविटी और थोड़ी तैयारी के साथ आपका पेट भी खुश रहेगा और ट्रिप भी मजेदार बनेगी. आइए जानते हैं वे आसान टिप्स जो हर ट्रैवलर को अपनाने चाहिए.
1. हल्का और घर जैसा खाना चुनें
सफर में सबसे बड़ी गलती लोग ये करते हैं कि जो दिखा, वही खा लिया-तला, मसालेदार, स्ट्रीट फूड या ज्यादा मीठा. स्वाद अच्छा लगता है, लेकिन पेट पर भारी पड़ता है. यात्रा के दौरान कोशिश करें कि खाना हल्का हो और आसानी से पच जाए. जैसे दही-चावल, खिचड़ी, उबला आलू, केला, सेब, टोस्ट या सादा रोटी-सब्जी. ये चीजें पेट को शांत रखती हैं और ऊर्जा भी देती हैं, अगर बाहर खाना ही है तो ताजे और गर्म खाने को प्राथमिकता दें. बहुत देर से रखा खाना या कच्ची सलाद से बचें.
2. साफ और पर्याप्त पानी पिएं
ट्रैवल में लोग या तो पानी कम पीते हैं या कहीं भी पानी पी लेते हैं. दोनों ही स्थिति पेट के लिए जोखिम भरी है. कम पानी से कब्ज और गैस बढ़ती है, जबकि गंदा पानी पेट खराब कर सकता है. हमेशा सीलबंद बोतल का पानी रखें या भरोसेमंद फिल्टर वाला पानी ही पिएं. दिन भर में थोड़ा-थोड़ा करके पानी पीते रहें. नींबू पानी, नारियल पानी या छाछ भी अच्छा विकल्प है. ये शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और पाचन को संतुलित करते हैं.
3. जरूरी दवाइयां साथ रखें
अगर आपका पेट पहले से संवेदनशील है या सफर में अक्सर समस्या होती है, तो तैयारी जरूरी है. डॉक्टर से पूछकर गैस, एसिडिटी, लूज मोशन या कब्ज से जुड़ी बेसिक दवाइयां साथ रखें. इसके अलावा ओआरएस, इलेक्ट्रोलाइट पाउडर या प्रोबायोटिक कैप्सूल भी उपयोगी हो सकते हैं. अचानक परेशानी होने पर आपको दवा ढूंढने की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी और स्थिति जल्दी संभल जाएगी.
4. लगातार बैठे न रहें, थोड़ा चलते रहें
लंबी यात्रा-बस, ट्रेन या फ्लाइट-में कई घंटे एक ही जगह बैठे रहने से पेट की गति धीमी हो जाती है. इससे कब्ज, गैस या पेट फूलने की समस्या हो सकती है. हर 1–2 घंटे में उठकर थोड़ा चलें या स्ट्रेच करें. ट्रेन या बस स्टॉप पर हल्की वॉक कर लें. इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर रहता है और पाचन सही चलता है. छोटी-सी एक्टिविटी भी पेट को आराम देती है.
5. नींद और आराम को नजरअंदाज न करें
ट्रैवल में लोग देर रात तक घूमते हैं और सुबह जल्दी निकल पड़ते हैं. लगातार थकान पाचन को कमजोर करती है. शरीर थका होगा तो पेट भी सही काम नहीं करेगा. कम से कम 6–7 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें. अगर लंबी यात्रा है तो बीच-बीच में आंखें बंद कर आराम करें. थकान कम होगी तो शरीर का संतुलन बना रहेगा और पेट की समस्या कम होगी.
6. नया खाना ट्राय करें, पर समझदारी से
नई जगह का खाना ट्राय करना ट्रैवल का मजा है, लेकिन अचानक बहुत ज्यादा नया और मसालेदार खाना पेट को चौंका सकता है. थोड़ी मात्रा से शुरू करें. पहले दिन हल्का रखें, फिर धीरे-धीरे लोकल डिश ट्राय करें. अगर किसी चीज से असहज महसूस हो तो तुरंत रोक दें.
7. साफ-सफाई का ध्यान रखें
हाथ धोए बिना खाना, कटे फल या खुले में रखा खाना पेट खराब होने का बड़ा कारण है. खाने से पहले हाथ जरूर धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें. खुले कटे फल, बासी खाना या संदिग्ध जगह का स्ट्रीट फूड न लें. साफ-सुथरी जगह चुनना भी पेट की सुरक्षा है.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
Discover more from Hindi News Blogs
Subscribe to get the latest posts sent to your email.